Advertisement

Parliament Budget Session Live: 'स्पीकर ने कमिट किया है...', लोकसभा में बोले राहुल गांधी, रिजिजू बोले- पूरी तरह सही नहीं, पीठासीन ने रोका

aajtak.in | नई दिल्ली | 09 फरवरी 2026, 2:10 PM IST

Parliament Budget session Live Updates: संसद के दोनों सदनों में आज केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा शुरू हो रही है. बजट पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं. INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले इंडिया-US ट्रेड डील, किसानों और सीमांत वर्गों के मुद्दों पर तीखी बहस के संकेत हैं.

संसद में आज बजट सत्र में चर्चा होगी.

संसद के बजट सत्र के दौरान आज लोकसभा और राज्यसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर सामान्य चर्चा शुरू हो रही है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से 1 फरवरी को पेश किए गए बजट पर चर्चा के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं में तल्ख टकराव बीच टकराव के आसार हैं. INDIA ब्लॉक के फ्लोर लीडर आज राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक कर सत्र के लिए अपनी रणनीति तय करेंगे.

इस बीच, इंडिया-US अंतरिम ट्रेड डील, कृषि आयात पर शून्य शुल्क, किसानों के हित और आर्थिक प्राथमिकताओं को लेकर विपक्ष सरकार को कठघरे में खड़ा करने की तैयारी में है. लोकसभा में हंगामा आज भी जारी रहा और प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामे के कारण स्थगित करनी पड़ी.

2:10 PM (11 मिनट पहले)

राहुल गांधी बोले- स्पीकर बोलने की अनुमति देंगे, कमिट किया था, रिजिजू बोले- मैं भी था

Posted by :- Bikesh Tiwari

राहुल गांधी ने कहा कि एक घंटे पहले हम स्पीकर के चैंबर में गए. उन्होंने मुझसे कमिटमेंट किया कि बजट से पहले वह मुझे बोलने की अनुमति देंगे. अब वह अपनी बात से पीछे हट रहे हैं. आप मुझे बोलने की अनुमति देंगी या नहीं. इस पर किरेन रिजिजू ने आपत्ति की और कहा कि राहुल गांधी जो बात कह रहे हैं, वह पूरी तरह से सही नहीं है. किरेन रिजिजू ने कहा कि उस बैठक में मैं भी था सरकार की ओर से. आप एलिगेशन लगाएंगे स्पीकर पर, तो स्पीकर का भी जवाब होगा. बाकी दलों के लोग भी बोलेंगे. यह अभी तय नहीं हुआ है. राहुल गांधी जो बात कह रहे हैं, वह पूरी तरह से सही नहीं है. पीठासीन संध्या राय ने कहा कि मुझे नहीं मालूम है कि आप किस विषय पर बोलना चाहते हैं. कोई नोटिस नहीं है. उन्होंने कहा कि नोटिस के बाद ही बोलने की अनुमति मिलेगी. 
 

2:03 PM (18 मिनट पहले)

लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू, बजट पर होगी चर्चा

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. चेयर पर संध्या राय हैं. शशि थरूर ने विपक्ष के नेता को यील्ड करने की डिमांड की. चेयर से संध्या राय ने कहा कि बजट पर चर्चा होगी. शशि थरूर ने कहा कि यह सदन की परंपरा रही है कि विपक्ष के नेता अगर कुछ बोलना चाहें, तो उनको बोलने दिया जाता है. उसके बाद वक्ता बोलते हैं.

1:26 PM (55 मिनट पहले)

प्रियंका गांधी समेत छह सांसदों ने स्पीकर को लिखा पत्र

Posted by :- Bikesh Tiwari

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के छह सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा है. लोकसभा में जारी गतिरोध के बीच विपक्ष के आधा दर्जन सांसदों ने स्पीकर को पत्र लिखकर कहा है कि सरकार की ओर से चेयर पर यह दबाव डाला जा रहा है कि वह उसके इशारे पर काम करे. कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर को लिखे पत्र में निष्पक्ष रूप से सदन के संरक्षक की भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा है कि इस प्रयास में विपक्ष उनका पूरा समर्थन करने को तैयार है.
 

1:20 PM (एक घंटा पहले)

राहुल गांधी और प्रियंका ने सांसदों के साथ किया प्रोटेस्ट

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने जा रहा है. अविश्वास प्रस्ताव से पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शेष बजट सत्र से सस्पेंड किए गए छह सांसदों के साथ संसद के बाहर सड़क पर उतरे. विपक्ष के नेता ने कांग्रेस सांसदों के साथ सस्पेंड सांसदों के समर्थन में प्रोटेस्ट किया. इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं.

Advertisement
1:13 PM (एक घंटा पहले)

राज्यसभा से विपक्ष का वॉकआउट, खड़गे को बोलने की अनुमति न मिलने पर भड़के सांसद

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे कुछ बोलना चाहते थे. उन्हें चेयर ने बोलने की अनुमति नहीं दी. इस पर भड़के विपक्षी सांसदों ने सदन की कार्यवाही से वॉकआउट कर दिया. यह वाकया राज्यसभा में भोजनावकाश शुरू होने से कुछ देर पहले का है.

12:32 PM (एक घंटा पहले)

'अमेरिका को दिया 500 बिलियन डॉलर का बाजार', US डील को लेकर अखिलेश का वार

Posted by :- Bikesh Tiwari

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने यूएस डील को लेकर सरकार को घेरा है. अखिलेश ने कहा है कि अमेरिका को 500 बिलियन डॉलर का बाजार दे दिया, सोचो क्या होगा देश का. उन्होंने कहा कि हम अगर 500 बिलियन डॉलर का बाजार दे देंगे, तो 'Make in India' का क्या हुआ? अखिलेश ने कहा कि इनका जो शेर था, क्या वो जंग खा गया? शेर जो 'Make in India' का था उसको जंग लग गई है क्या?

12:25 PM (एक घंटा पहले)

मारंगगुरु, मोडबा और रोहतासगढ़ को कॉरिडोर बना जोड़ने की डिमांड

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में बीजेपी सांसद दीपक प्रकाश ने संथाल आदिवासी समाज की विरासत से जुड़े मारंगगुरु, मोड़बा और रोहतासगढ़ को विशिष्ट कॉरिडोर बनाकर जोड़ने की डिमांड की है. उन्होंने कहा कि ये स्थल संथाल आदिवासी समाज की विशिष्ट पहचान से जुड़े स्थान हैं, लेकिन यहां आधारभूत संरचना का अभाव है. विरासत बचेगी, तभी आदिवासियत बचेगी. आदिवासियत बचाने के लिए इन स्थलों का विकास जरूरी है.

12:19 PM (2 घंटे पहले)

लोकसभा में बजट पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी, कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में बजट पर चर्चा की आज भी शुरुआत नहीं हो सकी. लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे जब दोबारा शुरू हुई, पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने बजट पर चर्चा की शुरुआत करानी चाही. लिस्टेड बिजनेस लिए जाने के बाद पीठासीन ने बजट पर चर्चा के लिए विपक्षी कांग्रेस के शशि थरूर का नाम लिया. विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कुछ कहा. पीठासीन ने कहा कि विपक्ष के नेता से बोलने का अनुरोध करेंगे, यह बजट पर चर्चा है. क्या बजट पर बोलेंगे. उन्होंने बार-बार शशि थरूर का नाम लिया, लेकिन वह बोलने के लिए खड़े नहीं हुए. पीठासीन ने इसके बाद सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.

 

11:49 AM (2 घंटे पहले)

मनोज् झा ने उठाया एम्स दिल्ली में मरीजों की समस्याओं का मुद्दा

Posted by :- Bikesh Tiwari

आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, दिल्ली का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि जो डिमांड है और जो ओपीडी कैपेसिटी है, मैंने देखा है वहां के स्टाफ की जिंदगी. कई पेशेंट्स को डेट आगे का मिलता है और मरीज परेशान रहते हैं, वो यहां आ जाते हैं. एम्स उनके लिए महज एक अस्पताल नहीं, आखिरी आशा है. शेल्टर होम्स हैं, लेकिन ये पर्याप्त नहीं हैं. एम्स दिल्ली के लेवल का कहीं कोई सुविधा नहीं है. हमारा फोकस स्ट्रक्चरल पॉवर्टी पर है, मेडिकल पॉवर्टी पर ध्यान नहीं दे रहे. निजी क्षेत्र की ओर मेडिकल सेक्टर का झुकाव बढ़ा है, इससे मेरा विरोध नहीं, लेकिन मेडिकल पॉवर्टी पर ध्यान देने की जरूरत है.

Advertisement
11:44 AM (2 घंटे पहले)

ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी नहीं बोल पाए थे. इसे लेकर विपक्ष ने अब स्पीकर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. विपक्ष अब स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में है. इसके लिए हस्ताक्षर होने अभी बाकी हैं.

यह भी पढ़ें: ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष, संसद में और बढ़ी रार

11:17 AM (3 घंटे पहले)

लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया, जिसकी वजह से स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही स्थगित कर दी.

11:14 AM (3 घंटे पहले)

अंडर 19 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को दी बधाई

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में भारतीय अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप जीतने पर बधाई दी गई. स्पीकर ओम बिरला ने भारतीय टीम को विश्व कप जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि इससे अन्य टीमों को भी प्रेरणा मिलेगी.

 

11:00 AM (3 घंटे पहले)

INDIA ब्लॉक की अहम बैठक

Posted by :- Udit Narayan

संसद भवन परिसर में आज राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में INDIA ब्लॉक के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई. बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे. बजट सत्र के दौरान सदन में रणनीति और सरकार को घेरने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई.
 

 

10:58 AM (3 घंटे पहले)

बजट सत्र में विपक्ष की क्या तैयारी?

Posted by :- Udit Narayan

संसद के बजट सत्र में आज केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा की शुरुआत हो रही है. NDA जहां बजट को विकासोन्मुख बता रहा है. वहीं, विपक्ष इंडिया-US ट्रेड डील और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है.