Advertisement

Parliament Budget Session 2026 Live: नित्यानंद राय ने राज्यसभा में पेश किया CAPF बिल, विपक्ष ने किया विरोध

aajtak.in | नई दिल्ली | 25 मार्च 2026, 5:08 PM IST

Budget Session Live Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को लोकसभा में फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का जवाब दिया. वित्त मंत्री के जवाब के बाद यह बिल संशोधनों के साथ लोकसभा से पारित हो गया है. वहीं, सीएपीएफ बिल राज्यसभा में पेश हो गया है. ताजा अपडेट्स के लिए पेज को रिफ्रेश करते रहें...

Parliament Proceedings Live

लोकसभा में फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जवाब दिया. वित्त मंत्री की ओर से जवाब के बाद यह बिल ध्वनिमत से पारित हो गया है. इस बिल को संशोधनों के साथ पारित कर दिया गया. बिल में 17 नए खंड जोड़े गए हैं. फाइनेंस बिल पारित होने के बाद वित्त मंत्री ने लोकसभा में बैंकरप्सी कोड (अमेंडमेंट) बिल पेश किया.

लोकसभा में बैंकरप्सी बिल पर चर्चा चल रही है. वहीं, राज्यसभा में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सीएपीएफ रेगुलेशन बिल पेश किया. विपक्षी सांसदों ने इस बिल का विरोध किया.राज्यसभा में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने ट्रांसजेंडर बिल पेश किया. यह बिल एक दिन पहले ही लोकसभा से पारित हुआ था. राज्यसभा में ट्रांसजेंडर बिल पर चर्चा चल रही है.

5:08 PM (22 मिनट पहले)

Rajya Sabha Live: एकांगी दृष्टिकोण से बनाया गया ये बिल- मनोज झा

Posted by :- Bikesh Tiwari

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राज्यसभा सांसद प्रोफेसर मनोज झा ने ट्रांसजेंडर बिल का विरोध करते हुए कहा कि बहुत से लोग इस समुदाय को लेकर पूर्वाग्रह से ग्रस्त हैं. उन्होंने इस दौरान विदेश मंत्री की मुस्कराहट पर कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी इनकी मुस्कराहट आकर्षक है. मनोज झा ने कहा कि ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के एक विशाल आयोजन में पिछले दिनों एक वक्ता ने कहा कि पुरूष के रूप में जन्म हुआ. लेकिन मेरी भावनाएं स्त्री वाली हैं. किस डॉक्टर के पास जाऊं, किसे बताऊं. यह पहचान का मसला है. इसके साथ छेड़छाड़ नहीं किया जाए. युद्ध के माहौल में इसको ऐसे ही रहने दिया जाए. एकांगी दृष्टिकोण से यह बिल बनाया गया है. जो लोग यहां नहीं हैं, हम उनके बारे में कानून बना रहे हैं. स्टेकहोल्डर डिस्कशन भी नहीं हुआ. निजता और व्यक्तिगत पहचान व्यक्ति की गरिमा से जुड़ी है. इंटर सेक्शनैलिटी भी बहुत कुछ निर्धारित करती है. सरकार से आग्रह करूंगा कि ये जो सबसे नीचे लटक रहे फल को पकड़ कर लटकने की आपकी मंशा रहती है, उससे बाहर निकलिए और सलेक्ट कमेटी में भेजकर व्यापक कंसल्टेशन करें.

4:56 PM (34 मिनट पहले)

Parliament Session Live: छीने जा रहे ट्रांसजेंडर के अधिकार- प्रियंका चतुर्वेदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रांसजेंडर बिल को अमानवीय बताते हुए कहा कि इस बिल को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए. ये पार्टी अध्यक्ष का चयन नहीं, पांच लाख लोगों के हित का निर्णय है. ये जो अमेंडमेंट आ रहा है, बहुत देशों में हमारा भी एक देश था जो सेल्फ आइडेंटिफिकेशन की बात कर रहा था. वह अधिकार भी उनसे छीना जा रहा है. 2019 वाले कानून में रिजेक्शन की वजह भी पता नहीं चली. मेडिकल बोर्ड से जो रिजेक्शन आए, हम वह भी नहीं जान पाएंगे. सम्मान की जब बात करते हैं, अधिकारों को नहीं खींच सकते. इसे बचाने की जिम्मेदारी हर सांसद की है. 

4:42 PM (48 मिनट पहले)

'कौन BJP के लोग दारू-सिगरेट नहीं पीते?', राज्यसभा में क्यों भड़के संजय सिंह

Posted by :- Bikesh Tiwari

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक का विरोध किया है. संजय सिंह ने राज्यसभा में इस बिल पर चर्चा के दौरान यह मांग की है कि इसे सलेक्ट कमेटी को भेजा जाए और इसके बाद ही इसको पारित किया जाए. उन्होंने कहा कि जिस समुदाय के लिए आप कानून बनाने जा रहे हैं, उस समुदाय के लोगों से तो बात करिए. संजय सिंह ने कहा कि सत्तापक्ष के लोग कहते हैं कि किन्नर दारू पीकर आ जाते हैं, सिगरेट पीकर आ जाते हैं. यह कैसी-कैसी बातें कही जा रही हैं यहां. उन्होंने कहा कि कौन बीजेपी के लोग दारू नहीं पीते, सिगरेट नहीं पीते. आप दूध के धुले हो गए. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद को इस पर चेयर से डॉक्टर दिनेश शर्मा ने टोका. दिनेश शर्मा ने चेयर से यह कहा कि अब खतम करिए.

यह भी पढ़ें: 'कौन BJP के लोग दारू-सिगरेट नहीं पीते?', राज्यसभा में क्यों भड़के संजय सिंह

4:26 PM (एक घंटा पहले)

शनिवार-रविवार को रहेगी छुट्टी, नहीं चलेगी संसद- किरेन रिजिजू

Posted by :- Bikesh Tiwari

संसद में 19 और 20 मार्च को गुड़ी पड़वा और ईद की छुट्टी रही थी. इस हफ्ते 26 मार्च को रामनवमी का अवकाश है. इन छुट्टियों के दौरान प्रभावित कामकाज की भरपाई के लिए सरकार ने इस हफ्ते शनिवार और रविवार (28 और 29 मार्च) को दोनों सदनों की बैठक बुलाने की बात कही थी. विपक्ष ने भी इस पर सहमति दे दी थी. अब सरकार की ओर से कहा गया है कि शनिवार और रविवार को संसद की बैठक नहीं होगी. पूर्व निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से ही 30 मार्च को सदन की बैठक होगी. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी. किरेन रिजिजू ट्रांसजेंडर बिल पर चर्चा के दौरान विपक्षी कांग्रेस के चीफ व्हिप जयराम रमेश की ओर से  सदन के एजेंडे को लेकर सवाल पर बोल रहे थे.

यह भी पढ़ें: शनिवार-रविवार को रहेगी छुट्टी, नहीं चलेगी संसद... किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में बताया

 

Advertisement
3:13 PM (2 घंटे पहले)

Parliament Session: सौगत रॉय ने बैंकरप्सी कोड बिल का किया विरोध

Posted by :- Bikesh Tiwari

सौगत रॉय ने कहा कि पहले डेब्ट ट्रिब्यूनल था. वह काम नहीं किया. नीरव मोदी, विजय माल्या, ललित मोदी, मेहुल चोकसी सब रुपया लेकर भाग गए. विजय माल्या लंदन में जाकर घूम रहा है. एनसीएलटी रूट हेयर कट रूट है. हजार करोड़ रुपये बकाया वाले भी दो सौ करोड़ देकर निकल जाते हैं. नया कानून उतना मजबूत नहीं है, जितना होना चाहिए. आईबीसी लॉज से समस्या का समाधान नहीं होगा. अरुण जेटली जिस इच्छा के साथ यह कानून लेकर आए थे, वह पूरा नहीं हो रहा है. मैं इस कानून का समर्थन नहीं करता हूं.

2:54 PM (2 घंटे पहले)

बैंकरप्सी बिल देशहित, उद्योगपतियों के हित में- अनुराग ठाकुर

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में बैंकरप्सी कोड अमेंडमेंट बिल पर चर्चा चल रही है. भारतीय जनता पार्टी की ओर से अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह बिल जो आज लाया गया है, इससे बहुत बड़ी समस्याओं का समाधान होगा. हमारी सरकार ने आईबीसी लाने के बाद बैंकों को मुनाफे में लाकर खड़ा कर दिया है. देशहित में, उद्योगपतियों के हित में, निवेशकों के हित में यह बिल लाए हैं.

2:38 PM (2 घंटे पहले)

राज्यसभा में ट्रांसजेंडर बिल पर चर्चा शुरू

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में सीएपीएफ रेगुलेशन बिल पेश होने के बाद सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने ट्रांसजेंडर बिल पेश किया. राज्यसभा में इस बिल पर चर्चा भी शुरू हो गई है. ट्रांसजेंडर बिल पर चर्चा की शुरुआत कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने की है.

2:25 PM (3 घंटे पहले)

विपक्ष के विरोध के बीच सीएपीएफ रेगुलेशन बिल राज्यसभा में पेश

Posted by :- Bikesh Tiwari

सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स रेगुलेशन बिल राज्यसभा में पेश हो गया है. विपक्ष के सदस्यों ने इस बिल को लाए जाने का विरोध किया. जयराम रमेश ने कहा कि इस बिल का हम विरोध क्यों कर रहे हैं, जो सदस्य बोलना चाहते हैं उनको बोलने दिया जाए. जॉन ब्रिटास समेत विपक्ष के कई सदस्यों ने बिल का विरोध किया. गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने इस बिल को जरूरी बताया और सदस्यों की आपत्तियों पर जवाब दिया. गृह राज्यमंत्री ने यह बिल राज्यसभा में पेश कर दिया. 

 

2:15 PM (3 घंटे पहले)

सीएपीएफ रेगुलेशन बिल पेश किए जाने का राज्यसभा में विरोध

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में विपक्षी दलों ने सीएपीएफ बिल पेश किए जाने का विरोध किया है. चेयर से डिप्टी चेयरमैन हरिवंश ने कहा कि कुछ सदस्यों ने बिल का विरोध किया है. इसके बाद जयराम रमेश ने कहा कि यही तय हुआ था कि इस बिल का जो सदस्य विरोध कर रहे हैं, वह अपने विरोध का ग्राउंड बताएंगे. वह बोलेंगे और इसके बाद मंत्री को बिल मूव करना होगा, तो वे करेंगे. इसके बाद चेयर से हरिवंश ने सदस्यों से अपनी बात रखने को कहा.

Advertisement
1:59 PM (3 घंटे पहले)

बैंकरप्सी कोड (अमेंडमेंट) बिल लोकसभा में पेश

Posted by :- Bikesh Tiwari

बैंकरप्सी कोड (अमेंडमेंट) बिल लोकसभा में पेश हो गया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को फाइनेंस बिल पारित होने के तुरंत बाद यह बिल लोकसभा में पेश कर दिया.

1:57 PM (3 घंटे पहले)

फाइनेंस बिल 2026 लोकसभा से पारित, जोड़े गए 17 नए खंड

Posted by :- Bikesh Tiwari

फाइनेंस बिल लोकसभा से पारित हो गया है. इस बिल में 17 नए खंड जोड़े गए हैं. संशोधनों के साथ यह बिल पारित हो गया है.

1:02 PM (4 घंटे पहले)

वित्त मंत्री ने डीएमके और विपक्षी गठबंधन को बताया महिला विरोधी

Posted by :- Bikesh Tiwari

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए लोकसभा में तमिलनाडु सरकार और सत्ताधारी डीएमके को महिला विरोधी बताया. उन्होंने तमिलनाडु के सीएम के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि वह कहते हैं कि हम इसका विरोध करेंगे. इंडी अलायंस महिला विरोधी है. इस पर विपक्षी सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया. 

12:40 PM (4 घंटे पहले)

लोकसभा में फाइनेंस बिल पर चर्चा का जवाब दे रही हैं वित्त मंत्री

Posted by :- Bikesh Tiwari

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का जवाब दे रही हैं. वित्त मंत्री ने फाइनेंस बिल पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि हमने जो कलेक्शन किया, उसका 105 परसेंट खर्च किया. राज्यों को सौ फीसदी पैसा भेजा गया है. 

11:47 AM (5 घंटे पहले)

लोकसभा में दिवंगत पूर्व सदस्यों को दी गई श्रद्धांजलि

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि अत्यंत दुख के साथ अपने दो पूर्व साथियों के निधन की सूचना सदन को देना चाहता हूं. विषणु मोदी राजस्थान से सांसद रहे. उनका निधन जयपुर में हुआ. दत्ता मेघे सदन के पूर्व सदस्य रहे. वह राज्यसभा के भी सदस्य रहे. उनका निधन 89 वर्ष की आयु में 22 मार्च को नागपुर में हुआ.

 

Advertisement
11:35 AM (5 घंटे पहले)

Lok Sabha: लोकसभा में आज आएगा बैंकरप्सी बिल

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में आज बैंकरप्सी कोड (अमेंडमेंट) बिल, 2025 आएगा. यह बिल लोकसभा में पिछले साल यानी साल 2025 में पेश किया गया था. इस बिल को सलेक्ट कमेटी के पास भेज दिया गया था. सलेक्ट कमेटी की रिपोर्ट के बाद अब यह बिल फिर से सदन में पेश किया जाना है.

11:32 AM (5 घंटे पहले)

Lok Sabha Live: लोकसभा में आज फाइनेंस बिल पर चर्चा का जवाब देंगी वित्त मंत्री

Posted by :- Bikesh Tiwari

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का जवाब देंगी. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 12 बजे से लोकसभा में बोलेंगी.