देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग है. यूपी के बांदा में भीषण गर्मी पड़ रही है तो बिहार में मॉनसून की बौछारों से मौसम सुहावना है. वहीं, मुंबई में लगातार तीसरे दिन आज दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मुंबई में तेज प्री-मॉनसून बारिश हो रही है. वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मॉनसून का इंतजार अभी लंबा है. IMD के अनुसार, इस साल मॉनसून की रफ्तार धीमी है.
मुंबई में प्री मॉनसून गतिविधियां तेज, राहत की बारिश
मुंबई में पिछले कुछ दिनों से प्री-मॉनसून की अच्छी बारिश हो रही है. लगातार तीसरे दिन आज (मंगलवार) सुबह भी मुंबई के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है. जिससे तापमान में काफी गिरावट आई है. मुंबई में कुछ जगहों पर बारिश की वजह से ट्रैफिक प्रभावित हुआ है लेकिन लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
मुंबई में कब दस्तक देगा मॉनसून?
IMD के मुताबिक, 23-24 जून को मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने की अच्छी संभावना है. आमतौर पर मॉनसून मुंबई में 10 जून के आसपास दस्तक देता है, लेकिन इस बार थोड़ी देरी हुई है. बता दें कि जून महीने की शुरुआत में दक्षिण कोंकण में मॉनसून पहुंच गया था, लेकिन आगे बढ़ने में रुकावट आई है. वहीं, अब जल्द ही मुंबई में मॉनसून की एंट्री के संकेत मिल रहे हैं.
बिहार में छिटपुट बारिश
बिहार में मॉनसून आगे बढ़ा है. कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बौछारों से मौसम सुहावना है. मौसम विभाग ने सोमवार को जानकारी दी थी कि अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के महाराष्ट्र (मुंबई सहित), तेलंगाना और ओडिशा के बाकी हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.
गुजरात में 76% कम बारिश, गर्मी का सितम जारी, मॉनसून पर आया ये नया अपडेट
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इस हफ्ते भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेमी) होने की संभावना है. वहीं विदर्भ, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले 4-5 दिनों तक और छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना है.
दिल्ली-यूपी में अभी मॉनसून का लंबा इंतजार
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और नॉर्थ इंडिया के बाकी राज्यों में मॉनसून पहुंचने में और समय लग सकता है. IMD के अनुसार, दिल्ली में मॉनसून आमतौर पर 27 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार इसमें थोड़ी और देरी हो सकती है. फिलहाल दिल्ली और यूपी में प्री-मॉनसून की हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छिटपुट बौछारों से गर्मी से कुछ राहत दी है. दिल्ली-एनसीआर और यूपी में जुलाई के पहले हफ्ते में मॉनसून पहुंच सकता है.
मॉनसून अब पकड़ रहा रफ्तार, जुलाई के पहले हफ्ते तक दिल्ली पहुंचने के आसार
मॉनसून में क्यों देरी हो रही है?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस साल अल-नीनो के असर से मॉनसून की शुरुआत और रफ्तार दोनों प्रभावित हुई है.
aajtak.in