कर्नाटक के कोप्पल जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. कोप्पल तालुक के हैंड्राल गांव में एक युवक पर अपनी ही चार माह की गर्भवती बहन पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि बहन ने दूसरी जाति में विवाह किया था, जिससे नाराज होकर भाई ने यह कदम उठाया.
घायल महिला की पहचान चित्तापुर की रहने वाली मीनाक्षी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मीनाक्षी ने कुछ समय पहले अपनी पसंद से दूसरी जाति के युवक से शादी की थी. इसी बात को लेकर परिवार में तनाव चल रहा था. आरोप है कि भाई मंजुनाथ इस विवाह से बेहद नाराज था.
इसी के गुस्से में मंजुनाथ ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल मीनाक्षी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, हालांकि विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है. यह घटना एक बार फिर अंतरजातीय विवाह को लेकर समाज में मौजूद कट्टर सोच और पारिवारिक असहमति की गंभीरता को उजागर करती है.
नागार्जुन