International Yoga Day 2026 LIVE Updates: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आज पूरा देश और दुनिया योग के रंग में रंग गई है. भारत समेत वैश्विक स्तर पर करीब 2,500 अलग-अलग ठिकानों पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इस बार देश का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के प्रतिष्ठित रेड रोड पर हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस भव्य समारोह में मंच पर पहुंच चुके हैं. वह कुछ ही पलों में हजारों योग प्रेमियों के साथ सामूहिक योग यानी 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' (CYP) का नेतृत्व करेंगे, जो स्वास्थ्य और भलाई के लिए योग को एक वैश्विक आंदोलन के रूप में बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों में बेहद अहम साबित होगा.
इस साल योग दिवस को लेकर पश्चिम बंगाल में एक अलग ही स्तर का रिकॉर्ड बनने जा रहा है. अकेले कोलकाता में ही एक साथ होने वाले विभिन्न योग सत्रों में लगभग 10 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. वहीं, रेड रोड पर होने वाले मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में करीब 35,000 लोग एक साथ मैट पर आसन करेंगे. सुबह की पहली किरण के साथ ही ऐतिहासिक मैदानों और पार्कों में लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी है. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हर उम्र के लोग इस महा-मुहिम का हिस्सा बनने के लिए पहुंच रहे हैं
योग दिवस से जुड़े सभी लेटेस्ट अपडेट्स के लिए इस LIVE पेज पर बने रहें.
कनाडा के टोरंटो में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया. ओंटारियो विधानसभा की ऐतिहासिक इमारत के सामने आयोजित कार्यक्रम में सरकारी प्रतिनिधियों, राजनयिकों, योग प्रशिक्षकों और भारतीय समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया. इस दौरान 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' थीम पर सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया. भारतीय महावाणिज्यदूत महावीर सिंहवी ने कहा कि योग लोगों को जोड़ने और स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरित करने का माध्यम है.
शंघाई के मशहूर 'बंड फाइनेंस सेंटर' (BFC) में भारत के वाणिज्य दूतावास ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का शानदार जश्न मनाया है. इस बार के योग कार्यक्रम को एक बेहद खास थीम पर रखा गया, इस थीम का नाम है योग फॉर हेल्दी एजिंग. यानी बढ़ती उम्र में भी योग के जरिए खुद को कैसे फिट और सेहतमंद रखा जाए. इस खास मौके पर योग करने के लिए करीब 400 लोग एक साथ जुटे. कार्यक्रम में अलग-अलग देशों के राजनयिक, प्रोफेसर, योग प्रेमी, वहां रहने वाले भारतीय और भारत के चीनी दोस्त भी शामिल हुए. सभी ने मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए और सेहत का संदेश दिया.
(वीडियो सोर्स: भारत का वाणिज्य दूतावास, शंघाई)
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हिस्सा लिया और समंदर किनारे उत्तर मुंबई के लोगों के साथ योग किया. उन्होंने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए सबसे बेहतरीन जरिया है. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कोविड के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद उन्हें योग और 'प्राणायाम' करने के लिए प्रेरित किया था.
उत्तराखंड के चंपावत में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए. इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि 'देवभूमि' उत्तराखंड हमेशा से योग, साधना और तपस्या की भूमि रही है. इस दौरान उन्होंने कहा कि योग को हर घर तक पहुंचाने के लिए सरकार 'योग ग्राम' बनाने पर काम कर रही है.
हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बॉलीवुड एक्ट्रेस और फिटनेस आइकॉन शिल्पा शेट्टी शामिल हुईं. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए.
हरियाणा के पंचकुला में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए. इस मौके पर उन्होंने सभी को योग दिवस की बधाई दी और कहा कि योग भारत की सनातन चेतना का उत्सव है, जो सदियों से शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का रास्ता दिखा रहा है. इसके अलावा, सीएम सैनी पीएम मोदी के संदेश का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज हम सबने कोलकाता से ग्लोबल योग अभियान की अगुवाई कर रहे पीएम मोदी को सुना, जिन्होंने पूरी दुनिया को एक बेहद खास संदेश दिया है.
उत्तर प्रदेश के झांसी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए और उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर लोगों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि योग विद्या हमारी प्राचीन जीवन शैली का हिस्सा है.
गुजरात के अहमदाबाद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए और उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए और उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग किया.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस मौके पर उन्होंने योग को ग्लोबल लेवल पर पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया.
पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा एलान किया है. बिहार सरकार अगले साल से योग को स्कूल और कॉलेजों के पाठ्यक्रम (सिलेबस) में शामिल करेगी.
(इनपुटः शशि भूषण कुमार, पटना)
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारतीय नौसेना के जवानों ने भी योग अभ्यास किया. इस दौरान नौसेना के जवानों ने इस साल की थीम को अपनाया. जवानों ने योग के जरिए मन को शांत और शरीर को मजबूत रखने के साथ ही हमेशा देश सेवा के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने का संदेश दिया.
लद्दाख के लेह में दुनिया की सबसे ऊंची झीलों में से एक, पैंगोंग झील के किनारे भारतीय सेना के जवानों ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग किया. कड़ाके की ठंड और ऊंचे पहाड़ों के बीच जवानों ने एक साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए और देश को फिटनेस का संदेश दिया.
मेघालय की राजधानी शिलांग में भी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए और उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग किया.
असम के गुवाहाटी में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा एक साथ शामिल हुए. दोनों नेताओं ने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए.
पंजाब के जालंधर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल हुए. उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर योग के अलग-अलग आसन किए और सभी को योग दिवस की बधाई दी.
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर दिल्ली में भी योग का जोर-शोर से आयोजन हुआ. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी इस आयोजन में हिस्सा लिया और योग अभ्यास किया.
कोलकाता से योग कर रहे पीएम मोदी की सीधी तस्वीरें सामने आ रही हैं. 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री खुद मैदान में मौजूद हैं और योग के अलग-अलग आसन कर रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देश और दुनिया को योग दिवस की बधाई दी. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने योग को ग्लोबल लेवल पर ले जाकर मानवता की बहुत बड़ी सेवा की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कहा कि योग पूरी दुनिया को आपस में जोड़ता है और आज इसकी ताकत से पूरा विश्व एकजुट नजर आ रहा है. कोलकाता में कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने दुनिया भर के योग प्रेमियों को बधाई दी. इसके साथ ही उन्होंने योग दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल में चलाए गए विशेष सफाई अभियान की भी जमकर तारीफ की और इसे जनता की एक शानदार पहल बताया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि योग लोगों को जीवन भर अपने शरीर और मन के बारे में सीखते रहने की सीख देता है. उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि इसके फ़ायदे सभी उम्र के लोगों को मिलते हैं. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "योग हमें जीवन भर अपने शरीर और मन के बारे में सीखते रहने की सीख देता है."
इस साल की थीम 'हेल्दी एजिंग' का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे सिर्फ़ बुज़ुर्गों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. प्रधानमंत्री ने कहा, "'हेल्दी एजिंग' के लिए योग - इस थीम को सभी उम्र के लोगों के नज़रिए से देखा जाना चाहिए, न कि सिर्फ़ बुज़ुर्गों के लिए."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि योग लोगों को उम्र बढ़ने के साथ भी युवा और स्वस्थ रहने में मदद करता है. उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि योग का अभ्यास लगातार शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देता है.
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, "योग उम्र बढ़ने के साथ भी युवा और स्वस्थ रहने में मदद करता है. योग इंसानी जीवन को लगातार विकास की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकता है."
उन्होंने कहा कि लोगों को उम्र बढ़ने के साथ ज्यादा लचीला, ऊर्जावान और मजबूत बनने का लक्ष्य रखना चाहिए. उन्होंने आगे कहा, "हमारा लक्ष्य यह होना चाहिए कि हम 20 साल की उम्र की तुलना में 40 साल की उम्र में ज्यादा लचीले हों, 30 साल की तुलना में 50 साल की उम्र में ज़्यादा ऊर्जावान हों और 40 साल की तुलना में 70 साल की उम्र में बीमारियों से लड़ने में ज़्यादा सक्षम हों."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बड़ा संदेश देते हुए कहा कि योग बढ़ती उम्र में भी इंसान को जवान और सेहतमंद बनाए रखता है. उन्होंने लोगों को फिटनेस का मंत्र देते हुए कहा कि हमारा टारगेट ऐसा होना चाहिए कि हम 20 साल की उम्र के मुकाबले 40 में ज्यादा फ्लेक्सिबल रहें और 30 की तुलना में 50 की उम्र में ज्यादा एनर्जेटिक महसूस करें.
साल 2026 में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' यानी "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रखी गई है. यह थीम फिजिकल हेल्थ, मेंटल वेल-बीइंग, इमोशनल रेजिलिएंस और एक्टिव एजिंग को बढ़ावा देने में योग की अहम भूमिका को उजागर करती है. डॉक्टरों और फिटनेस एक्सपर्ट्स का भी मानना है कि योग एक ऐसी दवा है जो बीमारी आने से पहले ही हमारे शरीर को अंदर से मजबूत बना देती है. यह बढ़ती उम्र में भी इंसान को पूरी तरह एक्टिव, निरोगी और गरिमापूर्ण जीवन जीने की ताकत देती है. यही वजह है कि आज के शिविरों में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी पूरे जोश के साथ प्राणायाम कर रहे हैं.
एक तरफ जहां कोलकाता में पीएम मोदी मोर्चा संभाल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ गुजरात के अहमदाबाद में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सुबह ठीक 7 बजे प्रहलाद नगर गार्डन पहुंचकर योग कार्यक्रम में शामिल होंगे. उनके साथ गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के मेयर समेत स्थानीय विधायक भी मौजूद रहेंगे. आयुष मंत्रालय के 'योग संगम' पोर्टल पर संस्थाओं का रजिस्ट्रेशन 6 लाख से पार हो चुका है, जो दिखाता है कि योग अब एक असली जन आंदोलन बन चुका है. सरहद पर तैनात जवानों से लेकर विदेशों में 210 से ज्यादा भारतीय मिशनों की देखरेख में दुनिया भर में आज योग की धूम देखने को मिल रही है.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर गुजरात के अहमदाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह ठीक 7:00 बजे प्रहलाद नगर गार्डन पहुंचेंगे. वह यहां आयोजित भव्य कार्यक्रम में आम जनता और योग प्रेमियों के साथ मिलकर आसन और प्राणायाम करेंगे. इस खास मौके पर उनके साथ गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, अहमदाबाद के मेयर और स्थानीय विधायक भी मौजूद रहेंगे, जिसे लेकर गार्डन में सुबह से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.