बेंगलुरु में 84 वर्षीय बुजुर्ग की कोविड संक्रमण से मौत, राज्य में 38 नए मामले दर्ज

बेंगलुरु में गंभीर बीमारियों से पीड़ित 84 वर्षीय बुजुर्ग की कोविड-19 संक्रमण से मौत हो गई. राज्य में 38 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें 32 सिर्फ बेंगलुरु से हैं. स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की और बताया कि सरकार सतर्क है व किसी तरह की पाबंदी नहीं लगाई गई है.

Advertisement
सांकेतिक तस्वीर सांकेतिक तस्वीर

aajtak.in

  • बेंगलुरु,
  • 24 मई 2025,
  • अपडेटेड 11:34 PM IST

बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में एक निजी अस्पताल में भर्ती 84 वर्षीय बुजुर्ग की कोविड संक्रमण के कारण मौत हो गई है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुजुर्ग को गंभीर बीमारियों (कॉमोरबिडिटी) के साथ 13 मई को अस्पताल में भर्ती किया गया था और उनकी मौत 17 मई को हो गई थी. बाद में उनके कोविड-19 टेस्ट की रिपोर्ट 24 मई को आई, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई.

Advertisement

राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शनिवार को कर्नाटक में कोविड-19 के 38 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 32 मामले सिर्फ बेंगलुरु में पाए गए हैं. इस बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है.

'घबराने की जरूरत नहीं': स्वास्थ्य मंत्री
मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, 'मैं सभी से अपील करता हूं कि घबराएं नहीं. जब मीडिया में कोविड की वापसी की खबरें आती हैं, तो लोग घबरा जाते हैं. लेकिन सच्चाई यह है कि स्थिति नियंत्रण में है.'

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. पड़ोसी राज्य केरल में भी मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन वहां ज्यादा टेस्टिंग की जा रही है, जिससे आंकड़े बढ़े हैं.

Advertisement

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी तरह की पाबंदी नहीं लगाई गई है और लोग सामान्य रूप से यात्रा कर सकते हैं और अपने दैनिक कार्य कर सकते हैं.

नया वैरिएंट हो सकता है कारण
राव ने कहा कि यह मामलों में वृद्धि किसी नए sub-variant की वजह से हो सकती है. यह वैरिएंट पहले सिंगापुर, हांगकांग और मलेशिया जैसे देशों में पाया गया था. वहां भी कोई डर का माहौल नहीं है. सरकार की निगरानी लगातार जारी है और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »