Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 3 नवंबर 2026 की शाम की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

भारत ने 3 नवंबर को ओडिशा तट के पास DRDO की प्रलय मिसाइल का सफल परीक्षण किया. इसकी मारक क्षमता 150 से 500 किलोमीटर है. ठोस ईंधन और मोबाइल लॉन्चर वाली यह मिसाइल भारत की सामरिक क्षमता बढ़ा सकती है.

Advertisement
डीआरडीओ ने ओडिशा के तट से क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल की सफल टेस्टिंग की. (Photo: DRDO) डीआरडीओ ने ओडिशा के तट से क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल की सफल टेस्टिंग की. (Photo: DRDO)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:48 PM IST

भारत ने ओडिशा के चांदीपुर तट के पास स्वदेशी क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल प्रलय का सफल परीक्षण किया. वहीं, भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पवित्र बौद्ध स्तूप समर्पित किया है. इन खबरों के अलावा, दिवाली से पहले दिल्ली की हवा जहरीली हो गई है. मंगलवार को राजधानी का AQI 350 दर्ज किया गया, जो पिछले 287 दिनों में सबसे खराब है. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.

Advertisement

DRDO ने किया प्रलय मिसाइल का सफल टेस्ट, 500 KM रेंज... न दुश्मन रोक पाएगा, न बच पाएगा

भारत ने 3 नवंबर 2026 को ओडिशा के चांदीपुर तट के पास स्वदेशी प्रलय मिसाइल का सफल परीक्षण किया. DRDO द्वारा विकसित यह सतह से सतह पर मार करने वाली क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल है. इसकी खासियत उड़ान के दौरान दिशा और रास्ता बदलने की क्षमता है. इससे दुश्मन के रडार और मिसाइल रोधी सिस्टम के लिए इसे ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है.

भूटान के राजा ने PM मोदी को समर्पित किया बौद्ध स्तूप, मंत्री रिजिजू बोले- भारत के लिए बड़ा सम्मान

भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पवित्र बौद्ध स्तूप समर्पित किया है. यह स्तूप भारत-भूटान द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने में मोदी के योगदान के सम्मान में समर्पित किया गया. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे भारत के लिए बड़े सम्मान की बात बताते हुए भूटान के राजा का आभार जताया.

Advertisement

हिमाचल प्रदेश में होटल चलाना हुआ महंगा, 150% बढ़ गई फीस

हिमाचल प्रदेश में राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होटलों के कंसेंट टू एस्टेब्लिश और कंसेंट टू ऑपरेट शुल्क में बढ़ोतरी की है. इसका सबसे ज्यादा असर छोटे होटल कारोबारियों पर पड़ेगा. 10 से 13 कमरों वाले होटलों का पांच साल का संचालन सहमति शुल्क 72 हजार से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दिया गया है. यानी शुल्क में 150 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है.

हरियाणा सरकार का किसानों को तोहफा, कैबिनेट ने नई लैंड पूलिंग पॉलिसी पर लगाई मोहर

हरियाणा कैबिनेट ने 7 एजेंडों को मंजूरी दी है. 26 नवंबर को संविधान दिवस पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा. ट्रैवल एजेंटों का पंजीकरण अनिवार्य करने के साथ नई लैंड पूलिंग नीति को मंजूरी दी गई. जूनियर लेक्चर असिस्टेंट के भर्ती नियमों और TDR नीति में भी बदलाव किया गया. साथ ही 629 गौशालाओं को 86.95 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है.

साउथ ब्लॉक से खत्म होने जा रहा रिश्ता, शौर्य भवन में शिफ्ट होंगे सेना अधिकारी

आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ, उप सेना प्रमुख और 7 वरिष्ठ अधिकारी नवंबर के अंत तक दिल्ली कैंट स्थित शौर्य भवन में कामकाज शुरू कर सकते हैं. नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और वरिष्ठ अधिकारी भी शिफ्ट होंगे. सेना का वॉर रूम और DGMO कार्यालय भी साउथ ब्लॉक से हटेंगे. यह बदलाव रक्षा प्रशासन की कार्यप्रणाली में बड़े परिवर्तन का संकेत है.

Advertisement

दिवाली से पहले प्रदूषण का 287 दिनों का रिकॉर्ड टूटा... AQI 450 के पार, दिल्ली में सांस लेना भी दुश्वार!

दिवाली से पहले दिल्ली की हवा जहरीली हो गई है. मंगलवार को राजधानी का AQI 350 दर्ज किया गया, जो पिछले 287 दिनों में सबसे खराब है. इससे पहले 20 जनवरी को AQI 378 था. दिल्ली के 57 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 10 पर हवा गंभीर, 35 पर बेहद खराब और 12 पर खराब श्रेणी में रही. जहांगीरपुरी में सबसे अधिक AQI 462 दर्ज किया गया.

ओलंपिक मेडल‍िस्ट मनु भाकर लड़ेंगी चुनाव, जीत मिली तो ISSF की इस कमेटी में मिलेगी जगह, बताया फ्यूचर प्लान

भारतीय निशानेबाज मनु भाकर अब इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) की एथलीट्स कमेटी के चुनाव में उतरेंगी. उन्हें 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए पिस्टल कैटेगरी में उम्मीदवार बनाया गया है. इस कैटेगरी में दो पदों के लिए 10 उम्मीदवार मैदान में हैं. यह चुनाव कतर की राजधानी दोहा में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान होगा.

'जल्द ठीक होंगे शरद पवार...', डॉक्टर ने दिया हेल्थ अपडेट

NCP-SP प्रमुख शरद पवार की सेहत में काफी सुधार हुआ है. रूबी हॉल क्लिनिक के चीफ कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर परवेज ने बताया कि उन्हें अभी भी एंटीबायोटिक्स की मध्यम डोज दी जा रही है. डॉक्टर ने कहा कि सब कुछ ठीक है और पवार जल्द स्वस्थ हो जाएंगे. शरद पवार को सोमवार को पुणे के अस्पताल में प्ल्यूरिटिक पेन की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था. 

Advertisement

उज्जैन में बनेगी भगवान श्रीकृष्ण पर रिसर्च लाइब्रेरी, मंदिरों की जमीन से आय बढ़ाने की तैयारी; वृंदावन गांवों के विकास पर भी जोर

मध्य प्रदेश के उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण पर केंद्रित अत्याधुनिक रिसर्च लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी. इसमें दुर्लभ पांडुलिपियों और शोध पत्रों को संरक्षित किया जाएगा. साथ ही श्रीकृष्ण से जुड़े शोध, वृत्तचित्र, नाटक और संगीत श्रृंखलाओं के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म भी बनाया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने इस संबंध में निर्देश दिए.

3 हजार से ज्यादा आशा कार्यकर्ताओं की होगी भर्ती, 21 से 45 साल की महिलाएं कर सकती हैं आवेदन; 16 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू

मध्य प्रदेश में 3,062 आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती की जाएगी. करीब पांच साल बाद होने जा रही इस चयन प्रक्रिया के लिए 16 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे. इच्छुक महिलाएं 16 दिसंबर तक एमपी ई-सेवा पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगी. आवेदक का संबंधित गांव की निवासी, विवाहित और कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »