आज की ताजा खबर ( Aaj Ki Taza Khabar), 18 दिसंबर 2021 की खबरें और समाचार: किसान आंदोलन के नेता ने अपनी राजनीतिक पारी का ऐलान कर दिया है. भारतीय किसान यूनियन के हरियाणा अध्यक्ष और किसान आंदोलन के दौरान प्रमुख चेहरा रहे गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है. ये पार्टी पंजाब की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी. आज की दिन भर की बड़ी खबरों के लिए इस पेश को रिफ्रेश करते रहिए.
समस्तीपुर के खानपुर में देसी शराब बनाने का विरोध करने पर शराब कारोबारी ने एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी. आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्याकांड के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा काटा. पुलिस ने कहा हत्या का मुकदमा दर्ज कर जल्द की जाएगी गिरफ्तारी.
प्रियंका गांधी ने अमेठी की धरती से कहा कि एक बहुत पुराना रिश्ता है अमेठी के साथ. प्रेम और सच्चाई का रिश्ता है. राजनीति का नहीं जज्बात का रिश्ता है अमेठी के साथ. धन्यवाद अमेठी ढेर सारे प्यार के लिए और भाजपा की कुनीतियों के खिलाफ इस हुंकार के लिए.
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा कि देश पर 70 साल राज करने वाली कांग्रेस के युवराज की क्या हालत हो गई है. अमेठी की जनता ने कांग्रेस को ऐसा उखाड़ कर फेंका है कि रैली में भीड़ जुटाना मुश्किल हो गया है. इसलिए छत्तीसगढ़ तक से लोगों को लाना पड़ रहा है.
सहकारिता परिषद को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद , मोदीजी ने सहकार मंत्रालय शुरू करने का तय किया है जो पहले किसी को नहीं सूझा. सहकारिता की हालत ऐसी क्यों हुई यह भी सभी को सोचना चाहिए. सरकार जरूर मदद करेगी. राज्य सरकार राजनीति से उठकर सहकार क्षेत्र को सही सलामत रखने के लिए कदम उठाए.
AMU को लेकर सलमान खुर्शीद ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि जिस उदेश्य के साथ अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को बनाया गया था, अब इस देश में उसकी अहमियत को ही खत्म कर दिया गया है. कांग्रेस नेता ने ये बयान एक किताब के विमोचन के दौरान दिया था.
कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस के विधायक का बयान पूरी तरह गलत था. इसकी हम निंदा करते हैं और उस विधायक को भी हमने कह दिया था जिसके बाद उन्होंने माफी भी मांगी, लेकिन उनका क्या जो उस बयान के बाद विधानसभा में हंस रहे थे, उन पर क्या कार्रवाई होगी.
शनिवार को देश के गृह मंत्री अमित शाह शिरडी पहुंचे. वहां पर उन्होंने साई मंदिर के दर्शन किए और पूजा अर्चना की. जानकारी के लिए बता दें कि अमित शाह दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर हैं. यहां पर उन्होंने केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) का भी उद्घाटन किया है.
इंडिया टूडे/आजतक की खबर का असर हुआ है. आजतक से विशेष बातचीत में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि प्रतिबंध के बावजूद रात में चल रहे निर्माण कार्यों के निरीक्षण के लिए डीपीसीसी (दिल्ली प्रदूषण कंट्रोल कमिटी) की विशेष टीम का गठन किया गया है. तीन सदस्यों वाली हर टीम दिल्ली के सभी 11 जिलों में निर्माण स्थलों का दौरा करेगी. टीम निर्माण कार्य की तहकीकात करेगी और ऑन स्पॉट एक्शन भी लेगी. दिल्ली में प्रदूषण के मद्देनजर निर्माण कार्य पर प्रतिबंध है. दिल्ली सरकार लगातार जांच कर रही है और इसलिए अबतक 7000 साइट्स पर टीम द्वारा जांच भी की गयी है. अबतक 500 से ज़्यादा साइट्स को नोटिस और जुर्माना जारी किया गया है. इंडिया टुडे चैनल ने NBCC में निर्माण कार्य की गतिविधियों को दिखाया था, जहां 3 दिसंबर को दिल्ली सरकार ने छापा मारा था और नोटिस जारी कर 5 लाख का जुर्माना लगाया था.
कोलकाता नगर निगम चुनाव में निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल बीजेपी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है और आज ही सुनवाई की मांग की है. बता दें कि कुछ ही दिनों में कोलकाता में नगर निगम चुनाव होने को हैं. बीजेपी ने कहा है कि चुनाव के दौरान पर्याप्त संख्या में अर्द्धसैनिकों की तैनाती की जाए. इसके अलावा मतदाता बेखौफ होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके. इसके लिए स्वस्थ माहौल बनाया जाए. बीजेपी ने कहा है कि अदालत उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी सरकार को आदेश दे.
समाजवादी पार्टी ने विजय रथ यात्रा के आठवें चरण का ऐलान कर दिया है. समाजवादी पार्टी 21 दिसंबर से विजय रथ यात्रा निकालेगी. 21 दिसंबर को पीएम मोदी प्रयागराज के दौरे पर रहेंगे. पार्टी के नेताओं पर छापेमारी के बीच समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा है कि समाजवादी विजय रथ चलता रहेगा. जनता का अभूतपूर्व समर्थन बढ़ता रहेगा. साइकिल को रोकना अब झूठ के फूल के बस की बात नहीं है.
किसान आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है. शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में चढ़ूनी ने अपनी पार्टी का ऐलान कर दिया है. उनका पार्टी का नाम संयुक्त संघर्ष पार्टी है. गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा है कि उनकी पार्टी पूरे जोर-शोर के साथ पंजाब का चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि संयुक्त संघर्ष पार्टी 2022 का पंजाब चुनाव सभी सीटों पर लड़ेगी.
चढ़ूनी ने कहा कि ज़्यादातर राजनैतिक पार्टियों पर पैसे वाले लोगों का क़ब्ज़ा है. देश में पूंजीवाद लगातार बढ़ता जा रहा है, अमीर और गरीब के बीच बड़ी खाई बन रही है. उन्होंने कहा कि पैसे वाले लोग गरीबों के लिए नीतियां बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी जाति और धर्म से ऊपर होगी और धर्मनिरपेक्ष होगी. चढ़ूनी ने कहा कि ये सब धर्मों, सब जातियों की पार्टी होगी. इस पार्टी में ग्रामीण, शहरी, मज़दूर, किसान, रहड़ी, पटरी के लोग शामिल होंगे.
इनपुट- सतेंदर चौहान