Palace on Wheels Train: राजस्थान की मशहूर लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स 45 साल के इतिहास में पहली बार मई के महीने में भी चल रही है. नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के मुताबिक, आमतौर पर यह ट्रेन सितंबर से अप्रैल के बीच ही चलती है. दरअसल, राजस्थान में पारा अधिक होने की वजह से गर्मियों में इस ट्रेन का संचालन नहीं होता था लेकिन इस बार यात्रियों की अच्छी मांग को देखते हुए पैसेस ऑन व्हील्स ट्रेन को मई में चलाने का फैसला किया.
रेलवे के मुताबिक, 21 मई को दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से रवाना हुई पैलेस ऑफ व्हील्स की शाही यात्रा 25 मई कर चलेगी. जो 2,610 किलोमीटर का सफर तय करेगी. ये शाही ट्रेन दिल्ली व आगरा के अलावा राजस्थान के खूबसूरत शहर सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, बीकानेर और कई ऐतिहासिक शहरों से होकर गुजरेगी. इस सफर में यात्रियों को राजस्थान की संस्कृति, किले, महल और रेगिस्तानी खूबसूरती का शानदार अनुभव मिलेगा.
1982 में शुरू हुई यह ट्रेन यात्रियों को राजस्थान के राजसी इतिहास और संस्कृति को दिखाती है. पैलेस ऑन व्हील्स को ट्रेन नहीं बल्कि चलता-फिरता महल कहा जाए तो गलत नहीं है. पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन में महाराजाओं के लाइफस्टाइल और लग्जरी सफर का अनुभव मिलता है. आइए जानते हैं इस रॉयल ट्रेन की खासियत...
14 शाही सैलून कोच राजसी विरासत के नाम पर
ट्रेन में 14 फुल एयर कंडीशनर सैलून कोच हैं, जिनके नाम राजस्थान की पूर्व रियासतों (अलवर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, जैसलमेर आदि) पर रखे गए हैं. हर कोच राजपूती कला, मिनिएचर पेंटिंग्स, आइने का काम, रेशमी कपड़ों और खास फर्नीचर से सजाया गया है.
हर कोच में 4 डीलक्स कैबिंस हैं (कुल 39 डीलक्स + 2 सुपर डीलक्स + प्रेसिडेंशियल सूट). जो किसी बड़े होटल के रूम से कम नहीं है. जिसमें ट्विन/डबल बेड, अटैच्ड बाथरूम (हॉट-कोल्ड पानी, शावर), वाई-फाई, टीवी, चैनल म्यूजिक और पर्सनलाइज्ड सर्विस उपलब्ध है.
आरामदायक लाउंज बार में सॉफ्ट ड्रिंक्स, कॉकटेल्स और स्नैक्स के साथ यात्रा का मजा ले सकते हैं. इस ट्रेन में सफर के दौरान शाम को अक्सर कल्चरल प्रोग्राम, फोक डांस या लाइव म्यूजिक का आयोजन भी होता है.
थकान मिटाने के लिए स्पा और आयुर्वेदिक मसाज, थेरेपी और सैलून सर्विस उपलब्ध है. इससे यात्री यात्रा के दौरान रिलेक्स और रिचार्ज महसूस कर सकते हैं.
इसके अलावा ट्रेन में बढ़िया वॉशरूम, लॉन्ड्री, मेडिकल असिस्टेंस, जिम, रेस्टोरेंट, समेत कई आधुनिक सुविधाएं हैं. पूरी ट्रेन Wi-Fi कनेक्टेड है.
ट्रेन में बने 2 रेस्टोरेंट्स में इंडियन फूड के अलावा राजस्थानी, मुगलाई, चाइनीज, थाई और मैक्सिकन फूड की रेंज उपलब्ध होती है. कोच में पर्यटकों को किसी राज परिवार के सदस्य की तरह सुविधाएं दी जाती है.
आधिकारिक वेबसाइट thepalaceonwheels.org के मुताबिक, सितंबर और अक्टूबर में इस ट्रेन में सफर के लिए प्रति व्यक्ति/रात के हिसाब से किराया देना होगा.
(सभी तस्वीरें- palaceonwheels.rajasthan.gov.in)