'देवेंद्र फडणवीस ने कहा था आदित्य को CM बनाकर दिल्ली चला जाऊंगा', उद्धव ठाकरे ने बयां किया 2019 का दर्द

धारावी में एक रैली को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि देवेंद्र फडणवीस ने 2019 में उनसे कहा था कि वह आदित्य ठाकरे को मुख्यमंत्री पद के लिए तैयार करेंगे और उन्हें महाराष्ट्र की जिम्मेदारी सौंपकर खुद केंद्र की राजनीति में चले जाएंगे.

Advertisement
बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (L), शिवसेना (यूबीटी) के आदित्य ठाकरे (M) और उद्धव ठाकरे (R). (File Photo/ANI) बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (L), शिवसेना (यूबीटी) के आदित्य ठाकरे (M) और उद्धव ठाकरे (R). (File Photo/ANI)

aajtak.in

  • मुंबई,
  • 21 अप्रैल 2024,
  • अपडेटेड 2:45 PM IST

शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने शनिवार को दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 2019 में उनसे कहा था कि वह भाजपा के साथ हुए पावर-शेयरिंग फॉर्म्युले के तहत उनके बेटे आदित्य ठाकरे को महाराष्ट्र के अगले सीएम के रूप में तैयार करेंगे. ठाकरे ने यह भी कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता फडणवीस ने उनसे कहा था कि वह अगले दो से तीन वर्षों में शिवसेना को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी सौंपकर केंद्र की राजनीति में चले जायेंगे. धारावी में एक रैली को संबोधित करते हुए, उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि तत्कालीन भाजपा प्रमुख अमित शाह शिवसेना (अविभाजित) के साथ गठबंधन के खातिर 'मातोश्री' (ठाकरे परिवार का निजी आवास) आए थे. 

Advertisement

उन्होंने कहा कि उस समय, देवेंद्र फडणवीस को दिवंगत बाल ठाकरे के कमरे के बाहर बैठाया गया था, जबकि दोनों नेताओं (शाह और ठाकरे) ने गठबंधन के तौर-तरीकों पर बंद कमरे में चर्चा की थी. उद्धव ठाकरे ने कहा, 'अमित शाह ने मुझे यह आश्वासन दिया गया था कि मुख्यमंत्री का पद 2.5 साल (भाजपा और अविभाजित शिवसेना के बीच) के लिए साझा किया जाएगा. बाद में, देवेंद्र फडणवीस ने मुझसे कहा, उद्धव जी, मैं आदित्य को 2.5 साल के लिए तैयार करूंगा. हम उन्हें 2.5 साल के बाद सीएम बना सकते हैं. मैंने उनसे (फडणवीस) कहा कि वह (आदित्य) अभी अपना चुनावी करियर शुरू कर रहे हैं. कुछ भी मत डालो उनके मन में.'

फडणवीस ने कहा था वह दिल्ली चले जाएंगे: उद्धव ठाकरे

उद्धव ठाकरे ने कहा, 'जब मैंने फडणवीस से पूछा कि उनके जैसा वरिष्ठ नेता आदित्य के अंडर कैसे काम करेगा, तो उन्होंने (फडणवीस) कहा कि वह दिल्ली चले जाएंगे.' उनके इन दावों पर भाजपा नीत महायुति सरकार में वर्तमान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की, और कहा कि उद्वव ठाकरे ने अपना दिमाग खो दिया है. देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'उद्धव ठाकरे भ्रमिष्ट (दिमागी संतुलन खो देना) हो गए हैं. वह मतिभ्रम कर रहे हैं. शुरू में उन्होंने कहा कि अमित शाह ने उन्हें किसी कमरे में मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था. अब वह कहते हैं कि मैंने उनके बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था. वह एक झूठ को छिपाने के लिए, दूसरा झूठ बोल रहे हैं.' 

Advertisement

आदित्य को CM तो दूर मैं मंत्री भी न बनाऊं: फडणवीस

हालांकि, फडणवीस ने स्वीकार किया कि उन्होंने उद्धव ठाकरे से कहा था कि आदित्य को ट्रेंड किया जाना चाहिए. क्योंकि वह अंततः एक दिन पार्टी (अविभाजित शिवसेना) की मान संभालेंगे. देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'उन्हें (आदित्य को) मुख्यमंत्री बनाना तो दूर, मैं मंत्री भी नहीं बनाऊंगा. वह (आदित्य) बाद में मंत्री बने (जब एमवीए सत्ता में थी), जिसके कारण आज यह स्थित (शिवसेना का विभाजन) सामने आई है.' बाद में देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'हम दिवंगत बालासाहेब ठाकरे का सम्मान करते हैं क्योंकि वह हमेशा अपने वचन के प्रति सच्चे थे और कभी भी अपने आदर्शों से विचलित नहीं हुए. हम उन लोगों का सम्मान नहीं करते जिन्होंने दिवंगत नेता के आदर्शों का बलिदान दे दिया.'

देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे के दावों पर आगे लिखा, 'आप काल्पनिक स्क्रिप्ट बोलकर किसे बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं? आप खुद को गुमराह कर रहे हैं. महाराष्ट्र की राजनीति सलीम-जावेद की स्क्रिप्ट नहीं है. आपको राजनीति और विकास से कोई लेना देना नहीं है. इसलिए ऐसी स्क्रिप्ट्स से भ्रमित करने की कोशिश न करें. आपको करारा जवाब मिलेगा.' मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठ बोलने की भी एक सीमा होती है. उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा, 'जब वह शिवसेना-भाजपा गठबंधन का हिस्सा थे, तब मुख्यमंत्री बनना चाहते थे, लेकिन नहीं बन सके. इसलिए उन्होंने 2019 विधानसभा चुनाव के बाद पाला बदल लिया. एनसीपी (अविभाजित) कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया और मुख्यमंत्री बन गए.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »