स्कूल में पूर्व छात्र का हमला, टीसी विवाद में शिक्षक पर चाकू से किए कई वार

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में एक पूर्व छात्र ने कथित तौर पर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) विवाद को लेकर शिक्षक विशाल फ्रांसिस दुसिंग पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल शिक्षक का अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
(Photo: Representational) (Photo: Representational)

इसरारउद्दीन चिश्ती

  • छत्रपति संभाजीनगर,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:50 PM IST

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के छावनी क्षेत्र स्थित 'लिटिल फ्लावर' स्कूल में मंगलवार को दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई. स्कूल के एक पूर्व छात्र ने कथित तौर पर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) को लेकर चल रहे विवाद के बीच परिसर में घुसकर एक शिक्षक पर चाकू से हमला कर दिया.

हमले में शिक्षक विशाल फ्रांसिस दुसिंग गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने उन पर लगातार कई वार किए, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें घाटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

Advertisement

घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. छात्र और शिक्षक दहशत में आ गए. पूरी वारदात स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है.

सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. आरोपी पूर्व छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) को लेकर चल रहे विवाद के कारण यह हमला किया गया. हालांकि पुलिस हमले के वास्तविक कारण और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. इस घटना के बाद छात्रों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »