बुलडोजर वाली छड़ी अब मध्य प्रदेश में घुमा रही बीजेपी, अवैध निर्माणों पर खूब चल रहा है 'पीला पंजा'

यूपी से हिट हुआ बुलडोज़र अब मध्य प्रदेश में भी सुपर हिट हो रहा है. मध्य प्रदेश के सीएम बन गए हैं 'बुलडोजर मामा' और बुलडोजर से अपराधियों के अवैध घरों पर कार्यवाही की जा रही है.

Advertisement
शहर में बुलडोजर मामा के पोस्टर भी लगे हैं शहर में बुलडोजर मामा के पोस्टर भी लगे हैं

रवीश पाल सिंह

  • भोपाल,
  • 22 मार्च 2022,
  • अपडेटेड 6:21 PM IST
  • अपराधियों के घरों पर ऑन स्पॉट बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है
  • भोपाल शहर को बुलडोजर मामा के नाम के होर्डिंग से पाट दिया गया

पंद्रह सालों से बेटियों के 'मामा' के तौर पर मशहूर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपराधियों और बलात्कारियों के लिए अब 'बुलडोजर मामा' बन गए हैं. बीते 3 दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अपराधियों के घरों पर 'मामा का बुलडोजर' ताबड़तोड़ चल रहा है. आलम यह है कि भाजपा विधायक ने अब भोपाल में जगह-जगह मामा का बुलडोजर के पोस्टर भी लगा दिए हैं. तय है कि यूपी के बाद अब बीजेपी, मध्य प्रदेश में भी बुलडोजर को बड़ा हथियार बनाने जा रही है. 

Advertisement

अपनी चौथी पारी में शिवराज सिंह चौहान एक अलग ही अवतार में नजर आ रहे हैं और यह अवतार है बुलडोजर मामा का. 'बुलडोजर मामा' की यह उपाधि उन्हें हाल ही में अपराधियों के हौसलों को पूरी तरह नेस्तनाबूत कराने, उनके मकानों-दुकानों को आनन-फानन में जमींदोज करवाने की ताबड़तोड़ कार्रवाई के चलते दी गई है. दरअसल, बीते दो दिनों में शिवराज सिंह चौहान फुल एक्शन में नजर आ रहे हैं. अपराधियों के घरों पर ऑन स्पॉट कार्रवाई भी की जा रही है. 

फुल एक्शन में हैं शिवराज सिंह चौहान

शुरुआत हुई शनिवार को मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के खमरिया खुर्द गांव से. यहां सांप्रदायिक तनाव फैलाने और आदिवासी व्यक्ति की हत्या करने के आरोपियों की अवैध कब्जे वाली दुकानों और घरों पर बुलडोजर चलाया गया. खमरिया खुर्द गांव में दो समुदाय की हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की जान चली गई थी, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. इसके बाद प्रशासन ने इस घटना के ज़िम्मेदार आरोपियों के घर और दुकानों पर बुलडोजर चला दिया.

Advertisement

इसके अगले ही दिन, रविवार को श्योपुर में बलात्कार के तीन आरोपियों के घर पर शिवराज का बुलडोजर चला. बुलडोजर चलाकर शिवराज सिंह चौहान ने अपनी मंशा जाहिर कर दी कि अपराधियों की जगह अब मध्य प्रदेश में नहीं है. श्योपुर में पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने श्योपुर में नाबालिग बालिका के सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी युवक मोहसिन, रियाज और शहवाज के घरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया.

शनिवार से चल रहा बुलडोजर सोमवार को भी नहीं रुका. सिवनी में बलात्कार के आरोपियों के घर पर भी शिवराज ने बुलडोजर चलवा दिया. सिवनी के कुरई थाना क्षेत्र में युवती के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार पांच में से तीन आरोपियों के सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए पक्के मकानों को सोमवार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया. शहडोल में भी इसी तरह 19 मार्च को महिला से गैंगरेप के आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया. 

ऐसे में राजधानी भोपाल के कट्टर हिंदुत्ववादी छवि वाले नेता और बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह काम इतना रास आया कि पूरे भोपाल शहर को बुलडोजर मामा के नाम के होर्डिंग से पाट कर रख दिया. इसमें शिवराज अपराधियों के खिलाफ 'एंग्री मैन' की छवि में नजर आ रहे हैं.

Advertisement

कांग्रेस ने इसे बताया कमलनाथ सरकार की नकल 

बीजेपी भले ही मामा के बुलडोजर के ज़रिए अपराधियों को नेस्तनाबूत करने का दम भर रही है, लेकिन कांग्रेस इसे कमलनाथ सरकार की नकल बता रही है. कांग्रेस के विधायक पीसी शर्मा ने बताया कि तत्कालीन कमलनाथ सरकार ने माफियाओं पर बुलडोजर चलाया था जिसकी नकल यूपी में हुई और अब मध्य प्रदेश में हो रही है. होना तो यह चाहिए कि अपराधियों के मन मे कानून का खैफ हो, लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा.

बहरहाल, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी करीब डेढ़ साल से ज्यादा का समय है, लेकिन लगता है बीजेपी ने अभी से तय कर लिया है कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर बाबा के ज़रिए मिली प्रचंड जीत को राज्य में मामा के बुलडोजर नाम से भुनाने की कोशिश जरूर की जाएगी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »