साइबर सिटी गुरुग्राम में 24 अगस्त को हुई भारी बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. तेज बारिश के बाद सड़कों पर भारी जलजमाव हो गया. इसकी वजह से शहर के कई हिस्सों में जाम की स्थिति देखी गई.
सड़कों पर लबालब भरे पानी के कारण पहियों तक पानी पहुंच गया, जिससे यातायात ठप हो गया. इस जलजमाव के चलते ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया जिससे आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
बारिश के बाद सुभाष चौक इलाके में बद्तर स्थिति देखने को मिली. यहां सड़कों पर इतना पानी भर गया कि कई स्कूल बसें जलभराव के बीच फंस गईं. बसों के अंदर स्कूली बच्चे मौजूद थे, जो खिड़कियों से बाहर पानी का स्तर बढ़ता देख परेशान नजर आए.
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
गुरुग्राम की सड़कों पर पानी भरने और जगह-जगह लग रहे लंबे जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 25 अगस्त के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. प्रशासन ने सभी कॉर्पोरेट दफ्तरों, सरकारी और निजी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को अपने कर्मचारियों और स्टाफ के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' का निर्देश जारी करने की सलाह दी है.
मरम्मत और सफाई कार्य में मिलेगी मदद
एडवाइजरी में बताया गया है कि वर्क फ्रॉम होम लागू होने से सड़कों पर गाड़ियां कम निकलेंगी. इससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी. इसके साथ ही नागरिक निकायों को सड़कों पर भरे पानी को निकालने और नालों की मरम्मत करने में आसानी होगी.
प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है कि वो किसी भी ट्रैवल का प्लान मौसम और हालात को देखते हुए बनाए.
नीरज वशिष्ठ