गुजरात के राजकोट में 23 वर्षीय नंदनी बोसमिया का शव उनके फ्लैट में फंदे से लटका हुआ मिला है. नंदनी जेतपुर नगरपालिका चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व उम्मीदवार रह चुकी थीं. पुलिस के अनुसार उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, लेकिन उनके परिवार ने इसे हत्या बताते हुए उनके लिव-इन पार्टनर असलम समा पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
नंदनी बोसमिया मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के रूप में काम करती थीं. सोमवार शाम करीब 7:30 बजे गोंडल चौकड़ी के पास स्थित आगमन रेजिडेंसी के फ्लैट नंबर 501 के हॉल में उनका शव फंदे से लटका मिला. फ्लैट का मुख्य दरवाजा सिर्फ सटा हुआ था और बालकनी का दरवाजा खुला था. 108 की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि वह राजकोट में अपने पुरुष मित्र असलम हुसैन समा के साथ फ्रेंडशिप एग्रीमेंट के तहत लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी. असलम से उसकी पहचान तब हुई, जब वह जूनागढ़ में असलम के मकान में किराए पर रहती थी. कुछ दिनों से असलम झगड़ा करता था और नंदिनी के साथ मारपीट करता था, इसलिए दो दिन पहले वह पास ही सत्यनगर में रहने वाले अपने मुंह बोले भाई रवि के घर आ गई थी, लेकिन बाद में वह वापस सिटी सी-विंग के फ्लैट नंबर 501 में अपने घर आ गई थी.
'खुला हुआ था बालकनी का गेट'
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे उनकी छोटी बेटी ने नंदनी को फोन किया था. जब नंदनी ने फोन नहीं उठाया तो पास ही सत्यनगर में रहने वाले उसके मुंह बोले भाई रवि जोशी को फ्लैट पर देखने के लिए भेजा गया. रवि ने जब वहां जाकर देखा तो नंदनी का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि फ्लैट का मुख्य दरवाजा केवल सटा हुआ था और बालकनी का गेट खुला था.
'शादीशुदा था पार्टनर'
उन्होंने बताया कि जूनागढ़ में रहने वाला असलम अक्सर नंदिनी को परेशान करता था, वह शादीशुदा था. मेरी बेटी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में होने के बावजूद वह अपनी पत्नी के पास वापस जाता था. नंदिनी ने इसका विरोध करती थी. हालांकि, लंबे समय तक नंदिनी के साथ संबंध रखने के बाद असलम ने कह दिया था कि वह अपनी पत्नी के पास तो जाएगा ही. इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस होती थी और असलम मारपीट करता था.
पीड़ित परिवार ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पिता के अनुसार, इससे पहले जूनागढ़ में असलम की मां, ससुर, सास और पत्नी समेत अन्य लोगों ने नंदनी पर चाकू से जानलेवा हमला भी किया था. इसके साथ ही पिता ने आरोप लगाया है कि असलम एक शराब तस्कर है और गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल है, जिसके चलते उन्हें शक है कि असलम ने ही हत्या कर इसे खुदकुशी का रूप दिया है.
पुलिसने बताया कि मृतक नंदिनी बोसमिया मूल रूप से जूनागढ़ के रहने वाले युवक असलम समा के साथ 'लिव-इन' में रह रही थी. डॉक्टर की शुरुआती जांच में पता चला है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मृतक का फोरेंसिक पोस्टमार्टम भी करवाया है. रिपोर्ट और फोरेंसिक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मामले में संबंधी धाराओं को भी जोड़ा जाएगा. पुलिस की जांच में ये बात सामने आई है कि मृतक नंदिनी और असलम के बीच अक्सर झगड़े होते थे. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, इन्हीं झगड़ों के कारण नंदिनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है.
ब्रिजेश दोशी