गुजरात के राजकोट जिले में शनिवार तड़के करोड़ों रुपये की लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. पांच नकाबपोश बदमाशों ने 77 वर्षीय बुजुर्ग के घर में घुसकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और करीब 2.47 करोड़ रुपये नकद, सोने के गहने तथा लाइसेंसी राइफल लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
दरअसल, यह वारदात शापर क्षेत्र में शनिवार तड़के करीब 1:30 बजे हुई. पीड़ित की पहचान जितेंद्र सिंह जडेजा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक उस समय वह घर में अकेले थे, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया.
यह भी पढ़ें: केमिस्ट्स की हड़ताल का कैसा दिख रहा असर? दिल्ली, लखनऊ-राजकोट-चंडीगढ़ से रिपोर्ट
सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं.
लोहे की पाइप से हमला, मुंह में कपड़ा ठूंसकर बनाया बंधक
रेंज आईजी निरलिप्त राय के मुताबिक पांचों बदमाश नकाब पहनकर घर में दाखिल हुए थे और उनके पास लोहे की पाइप थी. आरोपियों ने बुजुर्ग के सीने और कलाई पर हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं हैं.
दर्ज एफआईआर के अनुसार, बदमाशों में से एक ने बुजुर्ग के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह शोर न मचा सकें. इसके बाद आरोपियों ने पूरे घर की तलाशी ली और नकदी, गहने तथा लाइसेंसी राइफल अपने कब्जे में ले ली.
लूट के बाद बदमाश पीड़ित का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए और उन्हें एक कमरे में बंद कर फरार हो गए. कुछ देर बाद बुजुर्ग किसी तरह कमरे से बाहर निकले और अपने बेटे से संपर्क किया.
पत्नी इलाज के लिए अस्पताल में थीं, बेटे ने पहुंचाया थाने
पुलिस के अनुसार जितेंद्र सिंह जडेजा सेवानिवृत्ति के बाद अपनी पत्नी के साथ शापर में रहते हैं. उनका बेटा राजकोट शहर के एक पेट्रोल पंप पर मैनेजर के रूप में काम करता है और वहीं रहता है.
घटना के समय जडेजा की पत्नी फ्रैक्चर के इलाज के लिए राजकोट में थीं, इसलिए बुजुर्ग घर में अकेले थे. इसी स्थिति का फायदा उठाकर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया.
बुजुर्ग ने किसी तरह अपने बेटे को सूचना दी, जिसके बाद बेटा उन्हें लेकर पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई.
कई टीमें गठित, नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश
रेंज आईजी निरलिप्त राय ने बताया कि पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और तकनीकी तथा मानव खुफिया तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है. अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस ने शापर-वेरावल थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. जांच जारी है और पुलिस लूट में शामिल सभी आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
aajtak.in