उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में मार्च महीने के आखिरी दिनों में गर्मी बढ़ने के बजाय ठंडक महसूस की जा रही है. दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम सुहावना बना हुआ है. दिन में धूप तो निकल रही है, लेकिन हवाओं में नमी होने की वजह से गर्मी महसूस नहीं हो रही है. सुबह एवं रात के वक्त हल्की ठंड का अहसास हो रहा है.
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव होने जा रहा है. इसके असर से फिर आंधी और बारिश की संभावना है. बता दें कि मार्च के पहले पखवाड़े में दिल्ली-एनसीआर में मई जैसी तेज गर्मी शुरू हो गई थी. ऐसा लग रहा था कि अब गर्मी लगातार बढ़ेगी, लेकिन 15 मार्च को अच्छी बारिश हुई, जिसके बाद मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली. बूंदाबांदी और हल्की बारिश की गतिविधियों एवं बादलों की आवाजाही के कारण ठंडक बनी हुई है.
26 मार्च को बारिश की संभावना, जानें दिल्ली-NCR का मौसम
25 मार्च (आज): मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. दिन में बादल आते-जाते रहेंगे, लेकिन धूप भी रहेगी. हवाएं 30 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हैं.
26 मार्च: पश्चिमी विक्षोभ का पूरा असर दिखेगा. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे NCR में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है. ठंडी हवाएं चलेंगी और तापमान में गिरावट आएगी.
27 मार्च: फिर से बारिश का पूर्वानुमान है. अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. बादल छाए रहेंगे और ठंडी हवाएं चलती रहेंगी. सुहावने मौसम के बीच बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिलेंगी.
28 मार्च: बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश या बूंदाबांदी की संभावना नहीं है. हल्की धूप निकल सकती है. तापमान ज्यादा नहीं बढ़ेगा. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
29 मार्च: एक बार फिर जोरदार बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट है.इस दौरान हवाएं 50 किमी/घंटा तक की रफ्तार से चल सकती हैं. पूरे दिल्ली-NCR में बारिश होगी और मौसम फिर से ठंडा हो जाएगा. बता दें कि बारिश की वजह से दिल्ली-NCR की वायु गुणवत्ता यानी एयर क्वालिटी (AQI) में भी काफी सुधार हुआ है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि देश भर में मार्च का आखिरी सप्ताह और अप्रैल का पहला सप्ताह भी सामान्य से ठंडा रहेगा. इस दौरान हीटवेव (लू) की कोई संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान 29-32°C के आसपास ही रह सकता है.
वहीं, पूर्वोत्तर भारत के मौसन की बात करें तो अगले 24 घंटों में सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में हल्की से मध्यम बारिश होगी. सिक्किम और अरुणाचल में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, 26-27 मार्च को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 27 मार्च को उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान में 26-27 मार्च को कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
सना जैदी