आदर्श नगर स्थित होटल में महिला को एसआई द्वारा थप्पड़ मारने की फुटेज शनिवार को वायरल हो गई. इस फुटेज के आधारपर डीसीपी आकांक्षा यादव ने एसआई को लाइन हाजिर कर मामले की जांच जिले की सतर्कता शाखा को सौंप दी है. पुलिस को पंचवटी स्थित होटल क्लाउड इन में गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे महिलाओं के दो समूहों में झगड़े की सूचना मिली थी.
आदर्श नगर थाने से एसआई हिमांशु, महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ होटल में पहुंचे. वहां अंशू नाम की महिला के पैर से खून निकल रहा था. जांच में मालूम हुआ कि अंशु बंगाल से अपनी तीन साथियों के साथ इस होटल में ठहरी थी.
इसी होटल में बुराड़ी निवासी रूपा भी अपनी तीन साथियों के साथ रुकी थी. बताया जाता है कि दोनों समूहों में रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया. अंशू का आरोप है कि रूपा और इसकी साथियों ने उसे घायल कर दिया.
इस बीच जब पुलिस पहुंची तो रूपा और इसके साथी भिड़ने लगे. फुटेज के अनुसार एसआई हिमांशु कुछ बयान लिख रहे थे कि एक महिला ने कुछ कहा. फिर एसआई ने महिला को एक थप्पड़ जड़ दिया. इसके बाद रूपा और उसकी साथियों ने होटल के सामने जमकर हंगामा किया.
इस बात की शिकायत मिलने पर एसआई हिमांशु को लाइन हाजिर कर दिया गया. वहीं घायल महिला का बीजेआरएम अस्पताल में मेडिकल कराया गया.अब पुलिस इस मामले से जुड़े सभी पक्षों को जांच में शामिल करने के लिए नोटिस दिया है.
अरविंद ओझा