सोशल मीडिया पर पुलवामा के आतंकी हमले के बाद से तरह-तरह के वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं जिनमें दावा किया जा रहा है कि कई आतंकी पकड़े गए हैं. शेयर किए गए एक वीडियो पर लिखा है 'चार आतंकियों को पकड़ा आज फगवाड़ा में जयहिंद '. इंडिया टुडे के एंटी फेक न्यूज वॉर रूम (AFWA) ने अपनी पड़ताल में पाया कि दोनों ही गलत हैं.
तीन मिनट आठ सेकेंड का ये वीडियो 'मेरा भारत महान' फेसबुक पेज पर अपलोड किया गया है. इसमें एक सफेद गाड़ी एक चेक पोस्ट की तरफ जाती है, तब सुरक्षाबलों की ओर से कुछ आंसू गैस के गोले छोड़े जाते हैं, इसके बाद कुछ लोगों को पकड़ लिया जाता है. इस वीडियो को साढ़े 11 हजार से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है. दरअसल, इंडिया टुडे के एंटी फेक न्यूज वॉर रूम (AFWA) ने जांच कर पाया की ये वीडियो कुछ समय पहले भी वायरल हुआ था. जिसमें इसे तिरुपति का बताया गया था.
दरअसल, 15 जनवरी को आंध्र प्रदेश के तिरुपति में एक मॉकड्रिल किया गया था. आंध्र प्रदेश पुलिस और वहां की एंटी टेरर यूनिट (ऑक्टोपस) ने मिलकर अपनी तैयारियों का जायजा लेने के लिए य़े मॉकड्रिल किया था.
हम आपको बता दें कि सरकार का दावा है कि सेना ने सोमवार को एक एनकाउंटर में पुलवामा के आतंकी हमले के मास्टरमाइंड कामरान को सेना ने ढेर कर दिया और उसका साथी हिलाल भी इस ऑपरेशन में मारा गया. इस मामले में फगवाड़ा से किसी आतंकी के पकड़े जाने की कोई खबर नहीं हैं.
विद्या