डायरेक्टर नितेश तिवारी की 'रामायण' का टीजर 2 अप्रैल को रिलीज हो गया. इसमें रणबीर कपूर के राम अवतार की पहली ऑफिशियल झलक फैंस को मिली. इस टीजर की तारीफ ग्लोबल लेवल पर हो रही है. 'रामायण' की पहले झलक को 1 अप्रैल को लॉस एंजेलिस और न्यूयॉर्क में भी स्पेशल स्क्रीनिंग में दिखाया गया था. ऐसे में दुनियाभर में इसकी चर्चा हो रही है और बढ़िया रिस्पॉन्स भी मिल रहा है.
इसी बीच टीवी के पॉपुलर एक्टर रवि दुबे भी नितेश तिवारी की 'रामायण' से बॉलीवुड डेब्यू की तैयारी कर रहे हैं. पिक्चर में उन्होंने प्रभु राम के छोटे और सबसे प्रिय भाई लक्ष्मण का किरदार निभाया है. कम ही लोग जानते हैं कि रवि ने अपनी पत्नी सरगुन मेहता को इस फिल्म और अपने रोल के बारे में नहीं बताया था.
रवि दुबे ने छिपाई थी बात
सरगुन और रवि, टीवी इंडस्ट्री की सबसे मजबूत और पॉपुलर जोड़ियों में से एक हैं. दोनों का प्यार फैंस के लिए रिलेशनशिप गोल है. मगर पिछले साल रणवीर इलाहाबादिया के पॉडकास्ट पर बात करते हुए सरगुन ने खुलासा किया था कि पति रवि ने कभी भी उन्हें 'रामायण' में काम करने के बारे में नहीं बताया था. ऑनलाइन फिल्म की खबरें आने के बावजूद एक्टर ने घर पर इसकी चर्चा नहीं की थी.
इसके कारण को लेकर बात करते हुए सरगुन मेहता ने कहा था, 'हम घर पर काम के बारे में ज्यादा बात नहीं करते. जैसे उन्हें नहीं पता होता कि मैं क्या कर रही हूं जब तक मेरा प्रोजेक्ट अनाउंस नहीं हो जाता, वैसे ही मुझे भी उनके काम की जानकारी तब तक नहीं होती जब तक वो सार्वजनिक नहीं हो जाता.'
सरगुन ने बताया कि उन्हें रवि दुबे की कास्टिंग की खबर किसी और से पता चली थी. तब भी उन्होंने उनसे सीधे कुछ नहीं पूछा था. उन्होंने कहा था, 'किसी ने अचानक मुझे कहा, 'बधाई हो, रवि...' तो मैंने कहा, 'श्श्श... मुझे नहीं पता तुम क्या बात कर रहे हो. हम एक-दूसरे को बताने वाले नहीं हैं, इसलिए मुझे मत बताओ.' फिर मैंने कहीं पढ़ा और सोचा, 'उन्होंने मुझे बताया तक नहीं, तो मैं पूछ भी नहीं सकती.'
सरगुन ने ड्राइवर से की पूछताछ
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण' की शूटिंग के दौरान भी रवि दुबे ने सबकुछ छिपाकर रखा था. सरगुन ने कहा कि उन्हें यह भी पता नहीं था कि उनके पति किसी फिल्म के सेट पर काम कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने कभी डिटेल्स नहीं बताईं. एक्ट्रेस ने कहा था, 'जब भी मैं रवि से पूछती कि कहां जा रहे हो, तो वे बस इतना कहते, 'काम पर जा रहा हूं'. यह कभी नहीं बताया कि फिल्म की शूटिंग है.'
आखिरकार जिज्ञासा ने सरगुन पर हावी हो गई और उन्होंने एक अनोखा कदम उठाया. एक्ट्रेस ने बताया, 'मुझे सेट पर क्या हो रहा है, इसका कोई अंदाजा नहीं था. एक-दो बार मैंने ड्राइवर से भी पूछ लिया, 'सेट पर माहौल कैसा है?' रवि दुबे भी इस बातचीत में मौजूद थे. उन्होंने हंसते हुए आगे जोड़ा, 'वो भी मेरे बारे में नहीं, रणबीर (कपूर) के बारे में.'
फिल्म 'रामायण' में रवि दुबे और रणबीर कपूर के अलावा, साई पल्लवी, यश और सनी देओल जैसे एक्टर्स हैं. डायरेक्टर नितेश तिवारी की ये फिल्म दो पार्ट्स में रिलीज होगी. इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर आने वाला है. फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा हैं. इसका बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
aajtak.in