करणी सेना बोली, 'कहीं नहीं लिखा कि अलाउद्दीन खिलजी को पद्मावती से प्यार हुआ था'

पद्मावती का फर्स्ट लुक आते ही विवाद की आशंका पैदा हो गई है. करणी सेना ने अपने बयान में कहा है कि वह तथ्यों से छेड़छाड़ को स्वीकार नहीं करेगी. सेना ने ऐसा होने पर फिल्म की स्क्रीनिंग का विरोध करने की बात की है.

Advertisement
संजय लीला भंसाली संजय लीला भंसाली

महेन्द्र गुप्ता

  • जयपुर ,
  • 21 सितंबर 2017,
  • अपडेटेड 12:15 AM IST

संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती का फर्स्ट लुक आने के बाद इसका विरोध भी शुरू हो गया है. राजपूत समुदाय के संगठन श्रीराजपूत करणी सेना ने कहा है कि यदि भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' में तथ्यों से छेड़छाड़ की जाती है, तो वह इस फिल्म की स्क्रीनिंग का विरोध करेगी.

श्रीराजपूत करणी सेना के संरक्षक और संस्थापक लोकेंद्र सिंह काल्वी ने आईएएनएस से कहा, 'लगभग 20 दिन पहले भंसाली की टीम से किसी ने फोन किया था और हमें फिल्म देखने के लिए कहा था. लेकिन, हमने उन्हें फिल्म को इतिहासकारों और बुद्धिजीवियों को दिखाने के लिए कहा. उसके बाद से हमारी उनसे बात नहीं हुई.'

Advertisement

करणी सेना का यह बयान फिल्म के फर्स्ट लुक की रिलीज के बाद आया. इस फिल्म में दीपिका पादुकोण रानी पद्मावती का किरदार निभा रही है. फिल्म में रणवीर सिंह अल्लाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभा रहे हैं. बता दें कि जनवरी में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने भंसाली की 'पद्मवती' की टीम के लोगों को नुकसान पहुंचाया था. शूटिंग उपकरणों को तोड़ दिया था और फिल्म के विरोध में प्रदर्शन किया था. उन्होंने दावा किया था कि फिल्म के निर्माता ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ कर रहे हैं.

'पद्मावती को बदनाम करने की कोशिश'

काल्वी ने कहा, 'हम किसी भी कीमत पर फिल्म में विकृत तथ्यों को दिखाए जाने की अनुमति नहीं देंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि फिल्म भारत के आधे हिस्से में प्रदर्शित न हो सके.' करणी सेना ने दावा किया कि किसी भी किताब में यह नहीं लिखा की 13वीं-14वीं सदी में दिल्ली सल्तनत के खिलजी वंश के एक शक्तिशाली शासक अलाउद्दीन खिलजी को पद्मावती से प्यार हुआ था या वह उनका प्रेमी था.करणी सेना के एक कार्यकर्ता ने कहा, 'वे ऐतिहासिक तथ्यों को विकृत करके पद्मावती को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. यह स्वीकार्य नहीं है.'

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement