पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार दोपहर को निधन हो गया. वे लंबे समय से दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती थे. अटल बिहारी वाजपेयी अपने व्यस्त राजनीतिक जीवन के बीच भी फिल्मों को देखने का समय निकाल लेते थे.
पिछले साल अप्रैल में भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ा एक राज खोला था. उन्होंने बताया था कि अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी एक फिल्म इतनी ज्यादा पसंद आयी कि उन्होंने 25 बार देखी थी. यह फिल्म थी 1972 में आई 'सीता और गीता'.
हिचकिचा रहे थे अटल
हेमा ने बताया- मुझे याद है कि एक बार मैंने पदाधिकारियों से कहा कि मैं भाषणों में अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करती हूं. लेकिन उनसे कभी मिली नहीं, मिलवाइए, तब वे मुझे उनसे मिलाने ले गए. लेकिन मैंने महसूस किया कि अटल बिहारी वाजपेयी बात करने में कुछ हिचकिचा रहे हैं.
इस पर मैंने वहां मौजूद एक महिला से पूछा कि क्या बात है. अटल जी, ठीक से बात क्यों नहीं कर रहे. उन्होंने बताया कि असल में ये आपके बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं. इन्होंने 1972 में आई आपकी फिल्म 'सीता और गीता' 25 बार देखी थी. इसलिये वह अचानक आपको सामने पाकर हिचकिचा रहे हैं
बता दें कि कुछ समय पहले भारत सरकार ने अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न से सम्मानित किया था. वे 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में लखनऊ से लोकसभा सदस्य चुने गए थे. वह बतौर प्रधानमंत्री अपना कार्यकाल पूर्ण करने वाले पहले और अभी तक एकमात्र गैर-कांग्रेसी नेता हैं. 25 दिसंबर, 1924 में जन्मे वाजपेयी ने भारत छोड़ो आंदोलन के जरिए 1942 में भारतीय राजनीति में कदम रखा था.
महेन्द्र गुप्ता