निर्विवाद रुप से बॉलीवुड के सबसे बड़े मेगास्टार सलमान खान आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं. बॉलीवुड में लगभग तीन दशक बिता चुके सलमान ने इस दौरान कई तरह के उतार-चढ़ाव देखे हैं और एक लंबी यात्रा तय की है लेकिन सलमान तमाम तरह के विवादों के बावजूद सुपरस्टारडम की यात्रा तय करने में कामयाब रहे हैं. जानते हैं उनकी पर्सनैलिटी और उनके सफर से जुड़ी कुछ खास बातें.
सलमान तो सुपरस्टार हैं ही उनके बॉडीगार्ड शेरा भी बेहद लोकप्रिय हैं. उन्हें बॉलीवुड के सबसे मशहूर बॉडीगार्ड के तौर पर पहचान हासिल है. शेरा का रुतबा ऐसा है कि वे कई बार अपनी लोकप्रियता के चलते मीडिया को इंटरव्यू दे चुके हैं. वे सलमान के साथ फिल्म बॉडीगार्ड में अपनी झलक दिखा चुके हैं और वे देश के सबसे मशहूर बॉडीगार्ड में शुमार किए जाते हैं.
फैमिली मैन सलमान
सलमान की सक्सेस का एक बड़ा राज ये भी है कि लोग उन्हें एक आदर्श बेटे के तौर पर भी देखते हैं. वे फैमिली मैन रहे हैं. उनके लिए उनका परिवार सबसे बड़ी प्राथमिकता है. वे अपने भाईयों की फिल्मों में काम कर प्रोड्यूसर के तौर पर उनके करियर को पटरी पर ले आए हैं, अपने पिता की हर बात मानते हैं. हर त्योहार धूमधाम से मनाते हैं फिर वो दीवाली, गणेश चतुर्थी या ईद और उनकी फिल्मों में नो किसिंग पॉलिसी होती है. सलमान अपनी ऑडियन्स को जानते हैं और यही कारण है कि वे लगातार बिना किसी क्रिटिक की परवाह के अपने फैंस के लिए फिल्में लाते रहते हैं और फैंस उनकी फिल्मों का दिल खोल कर स्वागत करते हैं.
शर्टलेस कल्चर के जनक
सलमान खान ने बॉलीवुड में शर्ट उतारने के कल्चर को शुरू किया था. सलमान से पहले संजय दत्त ने इंडस्ट्री में बॉडी बिल्डिंग की शुरुआत कर दी थी लेकिन वो सलमान ही थे जिन्होंने ओ-ओ जाने जाना में शर्ट उतारकर कई फैंस को बॉडी बनाने को लेकर मोटिवेशन दी थी. सलमान ने इसके बाद कई फिल्मों में शर्टलेस पोज दिए थे. एक समय पर सलमान का फिल्म में शर्ट उतारना हिट होने का फॉर्मूला बन चुका था हालांकि बढ़ती उम्र के साथ ही साथ सलमान ने ऐसा कम ही किया है लेकिन उम्र के पांचवें दशक में भी उनकी बॉडी शानदार कही जा सकती है.
'मैन चाइल्ड' सलमान
सलमान की इसके अलावा गुस्सैल इमेज भी है लेकिन साथ ही उनकी इमेज एक नेक दिल इंसान की भी है. सलमान की अपने दोस्तों के बीच बड़े दिलवाले शख्स के रुप में पहचान है वहीं जिनसे वे नाराज होते हैं उन्हें वे जल्दी माफ नहीं करते हैं. विवेक ओबरॉय के साथ उनकी नाराजगी के किस्से पिछले एक दशक से चल रहे हैं. इसके अलावा इंडस्ट्री में कई ऐसे लोग हैं जिन्हें वे ब्रेक दे चुके हैं और कई लोगों का करियर बना चुके हैं. सलमान अपने दोस्तों को महंगे गिफ्ट्स देने में भी यकीन रखते हैं.
सलमान का ब्रेसलेट
अपने स्टाइल के अलावा सलमान अपने ब्रेसलेट के लिए भी लोकप्रिय हैं और ये सलमान
की पहचान बना हुआ है. सलमान को ये गिफ्ट उनके पिता ने दिया था. वे इसे अपने लिए काफी लकी मानते हैं. यही कारण है कि वे हमेशा इस ब्रेसलेट को पहने रहते हैं. सलमान के कई फैंस भी इस ब्रेसलेट को खरीद चुके हैं और ये सलमान की पर्सनैलिटी का अहम हिस्सा बन चुका है.
इंडस्ट्री में झेले कई विवाद
सलमान को जहां उनके फैंस भगवान से कम नहीं समझते हैं वहीं वे बाकी लोगों के लिए
एक विवादास्पद स्टार रहे हैं. सलमान के साथ कई विवाद जुड़े रहे हैं. मीडिया के साथ सलमान का लव-हेट रिलेशनशिप रहा है. सलमान मीडिया वालों के
सवालों से परेशान होते हुए हिंसक भी हो चुके हैं. कई मौकों पर वे
मीडिया के साथ काफी फन करते हुए भी नजर आए.
महिलाओं से जुड़ी टिप्पणी से लेकर नाटकीय लव स्टोरी तक, काला हिरण
हत्याकांड से लेकर इंडस्ट्री में कई लोगों के साथ प्रॉबल्म्स तक, सलमान ने
बॉलीवुड में काफी कुछ देखा और झेला है लेकिन वे हर बार इन विवादों को पीछे
छोड़ते हुए अपने सुपरस्टारडम को आगे बढ़ाने में कामयाब रहे हैं.
बॉलीवुड के सबसे बड़े मेगास्टार
सलमान निर्विवाद रुप से बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार बने हुए हैं और इसमें उनके फैंस का बहुत बड़ा योगदान है. सलमान के स्तर की फैन फॉलोइंग कम ही सितारे एंजॉय करते हैं. सलमान इंडस्ट्री के अकेले शख्स हैं जिनकी 15 फिल्में 100 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है. बॉलीवुड में स्टार कल्चर से लेकर एमेजॉन और नेटफ्लिक्स का कल्चर आया, स्टार पावर की जगह स्क्रिप्ट्स को जगह दी जाने लगीं, क्रिटिक्स और माउथ पब्लिसिटी किसी भी फिल्म को बना और बिगाड़ सकने का माद्दा रखने लगी. लेकिन सलमान की फिल्मों पर किसी का असर नहीं पड़ा. उनके ही फिल्म के एक डायलॉग के अनुसार, सलमान दिल में आते हैं, समझ में नहीं. उनका ये डायलॉग कहीं ना कहीं उनकी कामयाबी का राज बना हुआ है क्योंकि उनकी फिल्में पहले भी चलती रहीं, आज भी शानदार बिजनेस कर रही हैं और आगे भी सलमान की फिल्मों का दौर चलता ही रहेगा.