शिल्पा शेट्टी आज अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. शिल्पा शेट्टी उन कलाकारों में शुमार हैं जिन्हें आप कई कैटेगरी में रख सकते हैं. शिल्पा को बतौर एक्ट्रेस भी फुल नंबर मिलते हैं. बतौर डांसर भी उनका कोई जवाब नहीं है. फिटनेस एक्सपर्ट तो वे लंबे समय से मानी जाती हैं. और तो और अब वो रियलिटी शोज को बेहतरीन अंदाज में जज करती भी दिखाई देती हैं.
शिल्पा शेट्टी का करियर कुछ ऐसा ही रहा है. उन्होंने अपने करियर में कई एक्सपेरिमेंट किए, लेकिन हर बार उनका दांव एकदम सटीक बैठा और वो सफलता की सीढ़ी चढ़ती गईं.
शिल्पा ने बतौर एक्ट्रेस साल 1993 में फिल्म बाजीगर से अपना डेब्यू किया था. लेकिन उससे पहले उन्होंने मॉडलिंग कर अपनी पहचान बनाई थी. मात्र 17 साल की उम्र में शिल्पा शेट्टी ने मॉडलिंग शुरू कर दी थी.
शिल्पा शेट्टी का इस इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर नहीं है. ऐसे में उन्होंने शुरूआती दिनों में कई तरह की चुनौतियों का सामना किया था. एक्ट्रेस ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि कई बार उन्हें फिल्म से बिना किसी कारण निकाल दिया जाता था.
शिल्पा के मुताबिक पहले उन्हें हिंदी बोलने में भी खासा दिक्कत होती थी और वो कैमरे से भी डरती थीं. कैमरे के सामने खुद को सहज करने के लिए उन्होंने मॉडलिंग की थी.
लेकिन शिल्पा शेट्टी को लंबे समय तक वो सफलता नहीं मिली जिसकी वो हकदार थीं. ये उनकी जिंदगी का वो दौर था जब उन्होंने सबसे बड़ा फैसला लिया था- रियलिटी शो बिग ब्रदर में जाने का फैसला. एक विदेशी शो में अनजान लोगों के बीच कई हफ्ते तक रहना अपने आप में मुश्किल काम था. लेकिन शिल्पा शेट्टी ने उस चुनौती को स्वीकार किया और वो उस शो को जीतकर हिंदुस्तान लौटीं.