मशहूर एक्टर विनीत कमार सिंह अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जाने हैं. विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'छावा' में उन्होंने अपनी धुआंधार एक्टिंग से हर किसी के होश उड़ा दिए थे. विनीत अब जल्द ही अनीत पड्डा स्टारर फिल्म 'शक्ति शालिनी' में विलेन का रोल निभाते दिखाई देंगे.
Variety India की रिपोर्ट के मुताबिक, विनीत ने 'शक्ति शालिनी' फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है. हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचना विनीत कमार सिंह के लिए आसान नहीं था, क्योंकि वो एक्टिंग नहीं, बल्कि मेडिकल बैकग्राउंड से आते हैं. जी हां, विनीत कुमार सिंह एक लाइसेंस्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर हैं. उनके पास आयुर्वेद में एमडी की डिग्री है.
क्यों डॉक्डर नहीं बना ये हीरो?
मेडिकल डिग्री लेने के बाद वो चाहते तो एक डॉक्टर बन सकते हैं, लेकिन उन्होंने अपने दिल की सुनी और एक्टिंग में आ गए. उन्होंने 21 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. वो सबसे पहले साल 2002 में संजय दत्त की फिल्म 'पिता' में नजर आए थे. मगर उनकी पहली ही फिल्म फ्लॉप हो गई, जिसके बाद उन्हें काम पाने के लिए काफी स्ट्रगल करना पड़ा.
इसी बीच उन्होंने महेश मांजरेकर के साथ फिल्म 'विरुद्ध' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया. इसके अलावा वो 'वाह लाइफ हो तो ऐसी' में भी एडी बने. स्ट्रगलिंग फेज के दौरान काम ना मिलने की वजह से उन्होंने कई अलग-अलग तरह की चीजें कीं. HT संग एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वो सुनील शेट्टी के बॉडी डबल के रूप में भी काम कर चुके हैं.
उन्होंने कहा था- सुनील शेट्टी साहब का डुप्लीकेट भी बना हूं. संजू बाबा के लिए डेड बॉडी भी बना हूं. एक ही चीज है कि अपने अंदर का दीया जलाते रहिए और आगे बढ़ते रहिए.
OTT ने दी पहचान
हालांकि, काफी जद्दोजहद करने के बाद विनीत को अनुराग कश्यप की फिल्म 'मुक्काबाज' में लीड एक्टर का रोल मिला. ओटीटी सीरीज रंगबाज, बार्ड ऑफ ब्लड से उन्हें एक्टर के तौर पर पहचान मिली. विनीत की जर्नी से इतना पता चलता है कि अगर किसी चीज को दिल से चाहो तो कामयाबी जरूर मिलती है.
aajtak.in