बॉलीवुड की सबसे सशक्त एक्ट्रेसेस में शुमार शेफाली शाह अपनी बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ अपनी बेबाकी के लिए भी जानी जाती हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने शादी, रिश्तों और पेरेंटहुड जैसे गंभीर विषयों पर ऐसी राय रखी है, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है.
अक्सर देखा जाता है कि समाज में एक उम्र के बाद युवाओं पर शादी और बच्चे पैदा करने का भारी दबाव होता है, लेकिन शेफाली ने इस ढर्रे से हटकर बात की है. उन्होंने न केवल युवाओं को अपनी पहचान बनाने की सलाह दी, बल्कि मजाकिया और बेबाक लहजे में यहां तक कह दिया कि लोगों को बच्चे पैदा करने के बजाय 'कुत्ते पालने' चाहिए.
जल्दबाजी में शादी करने वालों को नसीहत
मशहूर कंटेंट क्रिएटर लिली सिंह के साथ बातचीत करते हुए शेफाली ने रिश्तों के बारे में खुलकर बात की और युवा लड़कियों को सलाह दी कि वे जिंदगी में बहुत जल्दी शादी न करें. उन्होंने कहा, 'जब आप खुद बच्चे हों, तब ऐसा बिल्कुल न करें, भगवान के लिए. आपको तो यह भी नहीं पता होता कि आपको अपनी कोहनी पसंद है या अपना बैक. इसलिए, थोड़ा सब्र रखें. कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले आपको लोगों से मिलना चाहिए और उन्हें समझना चाहिए. मैं हमेशा यही कहती हूं कि अगर आप शादी जैसी संस्था में यकीन नहीं रखते, तो मेरा यकीन मानिए, यह बहुत मेहनत का काम है, इसलिए प्लीज़ ऐसा न करें. शादी करके पीछे हटना सही नहीं है. आप इतने समझदार तो हों कि यह फैसला खुद ले सकें.'
कुत्ते देते हैं सबसे सच्चा प्यार
इंटरव्यू के दौरान जब लिली सिंह ने बताया कि वह 37 साल की हैं और अभी तक सिंगल हैं, तो शेफाली ने हंसते हुए एक ऐसी बात कही जो शायद बहुतों को हैरान कर दें. उन्होंने कहा, 'हो सकता है लोग मुझे इस बात के लिए ट्रोल करें, लेकिन मेरा मानना है कि बच्चे पैदा करने से बेहतर है कि आप कुत्ते पालें.' शेफाली का तर्क है कि इंसान की जिंदगी में अगर कहीं 'बिना शर्त प्यार' (Unconditional Love) मिलता है, तो वह सिर्फ पालतू जानवरों, खासकर कुत्तों से मिलता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि कुत्ते पालना एक सुखद अनुभव है और वे आपको कभी अकेला महसूस नहीं होने देते.
भले ही शेफाली ने मजाकिया अंदाज में कुत्ते पालने की सलाह दी हो, लेकिन असल जिंदगी में वह एक समर्पित मां और एनिमल लवर हैं. उनकी पहली शादी एक्टर हर्ष छाया से हुई थी, जो सफल नहीं रही. इसके बाद साल 2000 में उन्होंने फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह से शादी की, जिनसे उनके दो बेटे—आर्यमन और मौर्य हैं.
अपनी बिजी लाइफ के बावजूद वह अपने दो साइबेरियन हस्की कुत्तों, 'ऐश' और 'सिम्बा' के साथ काफी वक्त बिताती हैं. वह अक्सर सोशल मीडिया पर उनके साथ अपनी तस्वीरें शेयर करती हैं और बताती हैं कि काम से थककर घर लौटने पर उनके पालतू जानवर ही उनकी सारी थकान मिटा देते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क