नेहा धूपिया बॉलीवुड की उन एक्ट्रेसेज में से एक हैं, जिन्होंने अपनी जिंदगी को खुलकर जिया है. फिर भी कभी-कभार वो फैंस को सरप्राइज देना नहीं भूलतीं. मई 2028 में नेहा ने एक्टर अंगद बेदी संग शादी रचाकर कुछ ऐसा ही किया था. उन्होंने दुनिया को बड़ा झटका दिया. एक तरफ सभी दोनों को सिर्फ दोस्त मानते थे, तो वहीं दिल्ली में इंटीमेट सेरेमनी में ब्याह रचाकर उन्होंने वक्त और जज़्बात दोनों बदल डाले.
इसके कुछ वक्त बाद ही एक्ट्रेस ने ऐलान किया था कि वो प्रेग्नेंट हैं. नेहा ने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान भी फिल्मों में काम जारी रखा था. यहां तक कि आठ महीने से अधिक समय तक वो लगातार शूटिंग कर रही थीं. अब उन्होंने खुलासा किया है कि मुंबई में एक प्रोजेक्ट की शूटिंग के दौरान उन्हें लेबर पेन (कॉन्ट्रैक्शन) शुरू हो गया था.
फिल्म के सेट पर शुरू हुआ लेबर पेन
नेहा धूपिया ने अपनी प्रेग्नेंसी के साढ़े आठ महीने तक काम करने का एक्सपीरिएंस परिणीति चोपड़ा के टॉक शो 'मॉम टॉक्स' में शेयर किया. उन्होंने मदरहुड और प्रेग्नेंसी के दौरान काम करने के अपने फैसले पर खुलकर बात की. शो का प्रोमो फिलहाल वायरल हो रहा है, जिसमें नेहा कहती दिख रही हैं कि एक महिला को मां बनने के बाद भी अपने सपनों को पूरा करने का हक होना चाहिए. उन्होंने कहा, 'एक महिला के रूप में आपको मां बनने के बाद भी वो सब करना चाहिए जो आप करना चाहती हैं. जिंदगी बहुत ज्यादा नहीं बदलनी चाहिए.'
अपने एक्सपीरिएंस को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं काम पर वापस जाना चाहती थी. मैंने अंत तक काम किया, साढ़े आठ महीने की प्रेग्नेंसी तक. मेरे कॉन्ट्रैक्शन तो यश राज स्टूडियोज में शुरू हो गए थे.' नेहा धूपिया अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान भी काफी व्यस्त रहीं. उन्होंने फिल्म 'अ थर्सडे' की शूटिंग इसी दौरान की, जिसमें उन्होंने एक पुलिस अफसर का रोल किया था.
शादी से पहले प्रेग्नेंट होने पर हुईं ट्रोल
नेहा ने अंगद बेदी से 10 मई 2018 को दिल्ली के एक गुरुद्वारे में शादी की थी. इस प्राइवेट सेरेमनी में दोनों के करीबी दोस्त और परिवार ही शामिल हुए थे. उसी साल नवंबर में एक्ट्रेस ने अपनी बेटी मेहर धूपिया बेदी को जन्म दिया. नेहा धूपिया शादी से पहले प्रेग्नेंट होने के कारण ट्रोलिंग का सामना भी कर चुकी है.
उन्होंने इस बारे में बात करते हुए एक इंटरव्यू में कहा था, 'मैंने अंगद से शादी की, और छह महीने बाद हमारी बेटी (मेहर) का जन्म हुआ. लेकिन हमारी शादी के समय सबसे बड़ा सवाल यही था कि 'छह महीने में बच्चा कैसे हो गया?'' उन्होंने आगे कहा, 'आज भी मैं देखती हूं कि जिन एक्ट्रेसेज की शादी से पहले प्रेग्नेंसी होती है, उन्हें लेकर बातें बनती हैं. कम से कम मैं नीना गुप्ता और आलिया भट्ट की लिस्ट में हूं. लेकिन सच कहूं तो यह सब बेकार है. प्रेग्नेंसी एक खूबसूरत चीज है, बस.'
प्रोजेक्ट्स की बात करें तो नेहा धूपिया को हाल ही में नेटफ्लिक्स सीरीज 'सिंगल पापा' में देखा गया था. इस कॉमेडी-ड्रामा को शशांक खेतान, हितेश कैवल्या और नीरज उढ़वानी ने डायरेक्ट किया था. शो में कुणाल खेमू, मनोज पाहवा, आयशा रजा और प्रजकता कोली भी थे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क