रणवीर सिंह की धुरंधर 2 लगातार थिएटर्स में ऐसी भीड़ जुटा रही है कि फिल्म बिजनेस की चांदी हो गई है. हर दिन धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन के रिकॉर्ड तोड़ रही है और कुछ ऐसे रिकॉर्ड बना रही है जिनकी कल्पना भी कभी नहीं की गई. इसके रिकॉर्ड देखकर ऐसा लग सकता है कि इसके रिकॉर्ड बहुत लंबे समय तक टॉप पर रहने वाले हैं. लेकिन अगर आपको ऐसा लगता है, तो 2026 आपको सरप्राइज करने के लिए तैयार है.
शाहरुख खान की किंग, यश की टॉक्सिक, प्रभास की स्पिरिट जैसी बड़ी फिल्में इस साल हर छोटे-बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड का टेस्ट लेने वाली हैं. मगर 2026 की आने वाली फिल्मों में सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस धमाका करने की उम्मीद रणबीर कपूर की रामायण से है. डायरेक्टर नितेश तिवारी की ये रामायण दिवाली 2026 पर रिलीज होगी. रणवीर सिंह की टक्कर माने जाने वाले रणबीर की ये फिल्म सिर्फ धुरंधर 2 के रिकॉर्ड्स तोड़ने का ही नहीं, बल्कि इंडियन बॉक्स ऑफिस का असली साइज़ भी बताने का दम रखती है. क्यों? चलिए बताते हैं.
सबसे बड़ी इंडियन फिल्म, सबसे बड़ी रिलीज, ग्रैंड विजन
आदित्य धर की धुरंधर 2, रियलिटी, पॉलिटिक्स और फिक्शन के मेल से बना एंगेजिंग संसार लाई है. लेकिन ऑलमोस्ट एक दशक से रामायण पर काम कर रहे डायरेक्टर नितेश तिवारी का विजन बिल्कुल अलग है— वो रामायण को, भारतीय मिथकों में दिखने वाली पौराणिक काल की भव्यता के साथ स्क्रीन पर उतारना चाहते हैं.
धुरंधर 2 जैसी फिल्म के मुकाबले रामायण का ये मिथकीय संसार स्क्रीन पर कहीं ज्यादा फ़ैसिनेट करने वाला है. नितेश रामायण में एक ऐसा संसार क्रिएट करने जा रहे हैं, जिसमें स्वर्ग देखकर आपका मुंह खुला रह जाए. पाताल देखकर आपकी रीढ़ में झुरझुरी दौड़ जाए. देवताओं और राक्षसों की शक्तियां कमाल करती दिखें, जो जनता ने अभी तक रामायण में बस पढ़ी हैं.
शानदार हॉलीवुड फिल्मों में, ग्राफिक्स से अद्भुत संसार रचने के लिए कई ऑस्कर ट्रॉफीज जुटा चुके नमित मल्होत्रा रामायण के प्रोड्यूसर हैं. उनका होना और 4000 करोड़ से ज्यादा बजट में प्रोजेक्ट का तैयार होना सबूत है कि रामायण के लिए नितेश तिवारी का विजन बिल्कुल सुरक्षित हाथों में है. धुरंधर 2 पैन इंडिया टेम्पलेट पर 5 भाषाओं में रिलीज हुई है. लेकिन रामायण को इन 5 के अलावा मराठी, उड़िया, बंगाली और पंजाबी में भी रिलीज किया जाएगा.
रामायण की स्टार कास्ट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल और अमिताभ बच्चन जैसे बड़े-बड़े नाम हैं. सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, देश भर की हर फिल्म इंडस्ट्री और टीवी के कलाकार रामायण में नजर आने वाले हैं. ये प्रोजेक्ट इतना बड़ा है कि अपने फेवरेट स्टार को रामायण जैसे ग्रैंड एपिक में देखने का क्रेज ही बहुत लोगों को थिएटर्स तक खींच लाएगा. कास्टिंग के लेवल पर जितनी एक्साइटिंग दोनों धुरंधर फिल्में थीं, उससे कहीं ज्यादा माहौल रामायण के लिए बन चुका है.
यह भी पढ़ें: आ रहे हैं राम! हनुमान जयंती पर आएगा रामायण का फर्स्ट लुक
सिर्फ प्रॉपर फिल्मी लोकेशंस नहीं, कोने-कोने में चलेगी रामायण
धुरंधर 2 भारत के हर फिल्म मार्किट में दमदार बिजनेस कर रही है, जहां से इंडियन फिल्मों को तगड़ी कमाई मिलती है. वो चाहे उत्तर भारत की हिंदी मार्केट हो या साउथ के चारों फिल्मी लविंग राज्य. लेकिन रामायण का स्कोप उन जगहों पर भी है जहां का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी कई बार अलग से रिपोर्ट नहीं किया जाता. बाकी राज्यों के कंपेरिजन में कम थिएटर्स वाले राज्य छत्तीसगढ़, हिमाचल, उड़ीसा वगैरह में भी रामायण खूब देखी जाएगी. धार्मिक और सांस्कृतिक कनेक्शन तो रामायण की इस पॉपुलैरिटी की वजह होगी ही. पर कई भाषाओं में अवेलेबल होना भी एक फिल्म की रीच बढ़ाएगा.
2017 में किसी भी ट्रेड एक्सपर्ट या फिल्म बिजनेस एक्सपर्ट को ये उम्मीद नहीं थी कि इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया जा सकता है. लेकिन बाहुबली 2 ने उस वक्त भारत में 1400 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन किया. एक पुराने इंटरव्यू में टॉप फिल्ममेकर करण जौहर ने कहा था कि अभी तक सिर्फ बाहुबली 2 ने ही इंडियन बॉक्स ऑफिस के साइज़ का एक मोटा-मोटा आइडिया दिया है. पर अभी भी कोई नहीं कह सकता कि इंडियन बॉक्स ऑफिस का फुल पोटेंशियल कितना है!
करण की बात काफी हद तक सही थी क्योंकि बाहुबली 2 के कई साल बाद पुष्पा 2 इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 1500 करोड़ के बहुत करीब पहुंची. अब धुरंधर 2 पुष्पा 2 का पीछा कर रही है. जबकि अभी धुरंधर 2 के बारे में ये नहीं कहा जा सकता कि ये देश के कोने-कोने में जनता की फेवरेट बन चुकी है.
रामायण से भारतीय जनता का कनेक्शन ऐसा है जो इसे देश के हर एक कोने की ऑडियंस के लिए एक्साइटिंग प्रोजेक्ट बनाता है. ऊपर से स्केल और शानदार विजन तो इस प्रोजेक्ट में है ही. रामायण में ही वो स्कोप है कि ये गुजरात में गुजराती फिल्मों की तरह और बंगाल में बंगाली फिल्मों की तरह जमकर दर्शक जुटा सकती है.
सिर्फ ट्रेडिशनली फिल्म प्रेमी रहे इलाकों और थिएटर्स में ही नहीं, देश के हर हिस्से में इस फिल्म की ऑडियंस है. अगर नितेश तिवारी अपने विजन को स्क्रीन तक लाने में पूरी तरह कामयाब हुए, तो रामायण इंडियन बॉक्स ऑफिस का वो साइज़ नापकर बता देगी जिसे धुरंधर 2, पुष्पा 2 और बाहुबली 2 जैसी धुआंधार फिल्में भी नहीं नाप पाई हैं.
सुबोध मिश्रा