दिल्ली में AAP के लिए प्रचार कर रहे प्रकाश राज, PM मोदी पर बोला हमला

प्रकाश राज अरविंद केजरीवाल का समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी के लोकसभा उम्मीदवारों का प्रचार कर रहे हैं. 10 मई तक प्रकाश राज दिल्ली के अलग अलग लोकसभा क्षेत्रों में जा कर आम आदमी पार्टी के लिए वोट मांगेंगे.

Advertisement
अभिनेता से नेता बने प्रकाश राज (फोटो-इंडिया टुडे आर्काइव) अभिनेता से नेता बने प्रकाश राज (फोटो-इंडिया टुडे आर्काइव)

aajtak.in / पंकज जैन

  • नई दिल्ली,
  • 05 मई 2019,
  • अपडेटेड 11:28 AM IST

फिल्म अभिनेता से नेता बने प्रकाश राज इन दिनों देश की राजधानी में आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं. प्रकाश राज शनिवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी के दफ्तर पहुंचे, जहां आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने उनके प्रचार की जानकारी दी. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रकाश राज मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे.  

Advertisement

'आजतक' से बातचीत के दौरान प्रकाश राज एक सवाल पर भड़क उठे. जब उनसे पूछा गया कि वे क्यों दिल्ली में प्रचार कर के आए हैं और किन मुद्दों के खिलाफ हैं, तो जवाब में प्रकाश राज ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मुद्दों के खिलाफ हूं. हालांकि मुद्दे गिनाने के सवाल पर वे भड़क गए. आगे प्रकाश राज ने बातचीत में कहा कि 'मैं चाहता हूं पीएम मोदी अपने रिपोर्ट कार्ड पर बात करें. बताएं रोजगार का क्या हुआ? क्या पीएम मोदी के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दा नहीं है. हालांकि आम आम आदमी पार्टी रोजगार, किसान के मुद्दों पर लड़ रही है. इसलिए बदलाव की राजनीति का समर्थन करने आया हूं.  

बीजेपी की भोपाल से उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह पर आरोप लगाते हुए प्रकाश राज ने कहा कि 'साध्वी प्रज्ञा संसद में क्या करेंगी, वे बेल पर बाहर आई हैं. उन पर लोगों को मारने का इल्ज़ाम है. बीजेपी की हताशा है, जो लोगों को मुद्दे से हटा रही है. शहीद हेमंत करकरे को श्राप दे रही हैं, क्या संसद में सबको श्राप देंगी?

Advertisement

प्रकाश राज ने बताया कि वो सांप्रदायिकता और नफरत की राजनीति के खिलाफ काम कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीति को भ्रष्टाचार का धंधा बना दिया गया है. इस दौरान प्रकाश राज ने बीजेपी और कांग्रेस को इशारों ही इशारों में जोकर तक कह दिया. आगे प्रकाश राज ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा कि "मैं बस एक फिल्मस्टार नहीं हूं, इस देश का नागरिक भी हूं लेकिन मोदी जी एक्टर बन चुके हैं. इसलिए एक्टर का इस्तेमाल कर रहे हैं. 2019 का चुनाव सिद्ध करेगा कि दोनों (बीजेपी और कांग्रेस) सरकार बनाने के लिए सक्षम नहीं होंगे."

शनिवार की शाम प्रकाश राज उत्तर पूर्वी दिल्ली से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दिलीप पांडेय के लिए प्रचार करने पहुंचे. यहां प्रकाश राज ने कहा कि "मैं यहां एक ऐसी पार्टी के, ऐसे प्रत्याशियों के समर्थन में आया हूं जो देश में सकारात्मक बदलाव के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं. मौजूदा केंद्र सरकार लोकतंत्र को आघात पहुंचा रही है. लोकतंत्र बचाने के लिए हम सब मिलकर लड़ाई लड़ रहे हैं."  आपको बता दें कि प्रकाश राज अरविंद केजरीवाल का समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी के लोकसभा उम्मीदवारों का प्रचार कर रहे हैं. 10 मई तक प्रकाश राज दिल्ली के अलग अलग लोकसभा क्षेत्रों में जा कर आम आदमी पार्टी के लिए वोट मांगेंगे.

Advertisement

चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़ लेटर

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »