Advertisement

Assembly Election 2026 Live: बंगाल में चुनावी पारा हाई, कोलकाता में TMC प्रत्याशी देवाशीष कुमार के ठिकानों पर IT की रेड

aajtak.in | नई दिल्ली | 17 अप्रैल 2026, 10:11 AM IST

Assembly Election Live Updates: असम, केरल और पुडुचेरी में चुनाव के बाद अब पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हैं. पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. जबकि तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. बंगाल में चुनावी पारा चढ़ने के बीच ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) को झटका लगा है. बंगाल के अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले की जलांगी विधानसभा सीट से TMC विधायक अब्दुर रज्जाक ने गुरुवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है.

Assembly Election 2026: बंगाल में भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं ममता बनर्जी (फोटो- PTI)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में अब एक हफ्ते का समय भी नहीं बचा है. सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से बतौर तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. भारतीय जनता पार्टी (BJP) से टीएमसी की सीधी टक्कर है. भारतीय जनता पार्टी ममता बनर्जी के गढ़ में सत्ता हासिल करना चाहती है. ममता बनर्जी 3 बार से पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री हैं. 2026 के चुनाव में टीएमसी जीती तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी. 

विधानसभा चुनाव 2026 से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज को रीफ्रेश करते रहें...

10:00 AM (50 मिनट पहले)

West Bengal Assembly Election 2026: TMC विधायक देवाशीष कुमार के ठिकानों पर IT की छापेमारी

Posted by :- Sana Zaidi

बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच केंद्रीय जांच एजेंसियां एक्टिव हैं. आयकर विभाग (IT) ने आज (शुक्रवार) सुबह रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक देवाशीष कुमार के दो ठिकानों पर छापेमारी की. आयकर अधिकारी सुबह 6 बजे उनके मनोहरपुरकुर रोड स्थित घर और मोतीलाल नेहरू रोड स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे. बता दें कि देवाशीष कुमार रासबिहारी सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं. हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें जमीन घोटाले के मामले में समन भेजा था. चुनाव की बात करें तो रासबिहारी विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा. बीजेपी ने इस सीट पर लेखक स्वपन दासगुप्ता को उम्मीदवार बनाया है. छापेमारी की खबर मिलते ही देवाशीष कुमार के घर के बाहर TMC कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है.

9:40 AM (एक घंटा पहले)

Tamil Nadu Assembly Election: क्या तमिलनाडु चुनाव में चौंकाएंगी महिला वोटर्स?

Posted by :- Sana Zaidi

तमिलनाडु में वोटिंग की तारीख (23 अप्रैल) नजदीक आते ही सियासी तपिश बढ़ने लगी है. एक ही फेज में 234 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर जैसे-जैसे चेन्नई की गर्मी बढ़ रही है, वैसे ही सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है. इस बार विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियां महिला मतदाताओं को साधने में जुटी हैं. एक तरफ कल्याणकारी योजनाएं, तो दूसरी तरफ प्रतिनिधित्व की राजनीति. संसद में महिला सशक्तिकरण की बात हो रही है, जबकि चेन्नई की सड़कों पर विरोध दिख रहा है. यहां क्लिक करके पढ़ें पूरी खबर..

9:35 AM (एक घंटा पहले)
9:20 AM (एक घंटा पहले)

2026 Assembly Election: किन राज्यों में संपन्न हो चुका है चुनाव?

Posted by :- Sana Zaidi

9 अप्रैल को पहले चरण में असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान संपन्न हो चुका है. जबकि 23 अप्रैल को तमिलनाडु के साथ पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग होगी. वहीं, 29 अप्रैल को बंगाल में दूसरे चरण का मतदान होगा. 

Advertisement
9:18 AM (एक घंटा पहले)

Assembly Election 2026: पांच राज्यों की कुल कितनी सीटों पर विधानसभा चुनाव

Posted by :- Sana Zaidi

निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से  15 मार्च 2026 को घोषित शेड्यूल के मुताबिक, इस साल अप्रैल में पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की कुल 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है. 

9:15 AM (एक घंटा पहले)

West Bengal Assembly Election 2026: चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस को लगा झटका

Posted by :- Sana Zaidi

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस को झटका लगा है. बंगाल के अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले की जलांगी विधानसभा सीट से तीन बार के अनुभवी टीएमसी विधायक अब्दुर रज्जाक ने गुरुवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान किया. इस बार टिकट न दिए जाने की नाराजगी के चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया.