Re-NEET Live Updates: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी खत्म हो चुकी है. परीक्षा का आयोजन आज दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक किया गया था. इसे लेकर छात्रों और अभिभावकों बेहद घबराए हुए थे लेकिन पेपर खत्म होने के बाद छात्र अपनी राय बता रहे हैं कि पेपर कैसा आया था या उनका पेपर कैसा गया है. 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा पेपर लीक के बाद रद्द कर दी गई थी जिसके बाद एग्जाम के लिए नई तारीखों का ऐलान किया गया था. अब इस परीक्षा को सही से करवाने के लिए सरकार और NTA कड़ी मशक्कत की है. इसके पहले 20 जून को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था. इसके साथ ही 51 हजार से ज्यादा जैमर्स का यूज किया जा रहा है जिससे नकल को रोका जा सके.
इतना ही नहीं सरकार ने सुरक्षा को लेकर और कड़े इंतजाम किए हैं और साथ ही NTA ने भी छात्रों और अभिभावकों से अपील की है. तो चलिए जानते हैं इसके बारे में.
तमिलनाड़ु के रहने वाले एक उम्मीदवार ने बताया कि मैंने अच्छा किया है लेकिन आगे देखते हैं. उन्होंने आगे बताया कि पहले के मुकाबले इस बार का पेपर टफ था.
री-नीट परीक्षा देने के बाद सेंटर से बाहर निकली छात्रा ने बताया पेपर बहुत अच्छा था. मेरी तैयारी बहुत अच्छी थी, बस फिजिक्स थोड़ी मुश्किल थी. बाकी सब मिलाकर पेपर अच्छा था. कुल मिलाकर, यह एक अच्छा अनुभव रहा.
री-नीट की परीक्षा खत्म हो गई है. इस परीक्षा में करीब 22 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था. अब छात्रों को रिजल्ट का इंतजार रहेगा. आज देश-विदेश के 5 हजार से अधिक सेंटर्स पर नीट यूजी का री-एग्जाम कड़ी सुरक्षा के बीच 5:15 मिनट पर संपन्न हो गया. इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सीसीटीव कैमरों से हर सेंटर पर निगरानी रख रहे थे. 2 लाख से ज्यादा सुरक्षा कर्मी परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न कराने के लिए तैनात किए गए थे.
नीट री-एग्जाम के लिए कोलकाता की एक छात्रा को विशेष सुविधा दी गई, जिसमें उसे अलग कमरा और मेडिकल सुविधाएं मिली हैं.दरअसल, इस छात्रा का एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद शिक्षा मंत्री ने उसकी मदद की और एग्जाम सेंटर पर ये तमाम सुविधाएं मुहैया करवाई और उससे फोन पर बात भी की.
देशभर में री-नीट की परीक्षा जारी है. कड़ी सुरक्षा के बीच इस परीक्षा को करवाया गया. NTA ने मानो एक-एक मिनट का हिसाब रखा हो. पेपर तो शुरू हुआ लेकिन कई चेहरे अब भी उदास हैं. NTA की ओर से जारी 1.30 गेट बंद होने के सख्त नियम ने कई छात्रों के सपनों को चूर कर दिया है. बेंगलुरु और मुंबई में कई छात्र देर से पहुंचने के कारण प्रवेश से वंचित रह गए.
नीट एग्जाम सेंटर पर देरी से पहुंचने के बाद छात्राओं को एंट्री नहीं मिली तो वो फूट-फूटकर रोने लगीं. कर्नाटक के एक परीक्षा केंद्र से ये तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है.
नीट का छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब नागपुर के एग्जाम सेंटर में इस समय पेपर दे रहे हैं. बता दें कि इससे पहले इस छात्र ने दावा किया था कि उसका एग्जाम सेंटर अबू धाबी में पड़ गया है, हालांकि बाद में एनटीए ने उसे ठीक कर लिया और अब छात्र नागपुर में ही परीक्षा दे रहा है.
आज NEET परीक्षा से पहले एक मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम सेंटर पर बुर्का पहने एक कैंडिडेट को कथित तौर पर अंदर जाने से रोक दिया गया. कुलसुम बानो नाम की एक कैंडिडेट कहती हैं कि मैं NEET परीक्षा देने के लिए ब्यावर से आई हूं. जब मैंने 3 मई को परीक्षा दी थी, तब भी मैंने वही कपड़े पहने थे जो अभी पहने हैं- बुर्का और दुपट्टा. शुरू में उन्होंने कहा कि अंदर जाने के लिए मुझे दुपट्टा हटाना होगा फिर उन्होंने जोर दिया कि मुझे बुर्का भी हटाना होगा.
अगर NTA ने हमें इजाजत दी है तो ये लोग हमें रोक नहीं सकते. अगर मुझे परीक्षा देनी है और वे मुझे इन कपड़ों में अंदर नहीं आने देते, तो मैं परीक्षा ही नहीं दूंगी. यह शर्मनाक है कि वे 18 साल के युवाओं के साथ ऐसा कर रहे हैं. परीक्षा मेरे लिए मायने नहीं रखती मेरे लिए मेरा बुर्का और मेरी पहचान मायने रखती है.
एनटीए के नियमों के मुताबिक, दोपहर 1:30 बजे एंट्री गेट बंद कर दिया गया था लेकिन इसके बावजूद छात्र लेट से एग्जाम सेंटर पहुंचे और उन्हें एंट्री नहीं मिली. लेकिन बेंगलुरु में नीट यूजी री-एग्जाम एस्पिरेंट ने गेट फांदकर अंदर घुसने की कोशिश की.
ओडिशा के छात्रों को एडमिट कार्ड दिखाने के बाद फ्री बस सुविधा मिली है जिससे वह सुरक्षित और समय पर एग्जाम सेंटर पहुंच गए. उन्होंने कहा कि उम्मीद है अब पेपर लीक नहीं होगा.
भोपाल में भी NEET-UG की दोबारा परीक्षा के लिए देर से पहुंचने पर दो छात्रों को परीक्षा केंद्र में घुसने नहीं दिया गया. एक छात्र के चाचा, आमिर कादरी कहते हैं कि मैं अपने भतीजे के साथ उसकी परीक्षा के लिए यहां आया हूं. परीक्षा केंद्र जाते समय हमारा एक्सीडेंट हो गया और हमें थोड़ी देर हो गई, क्योंकि मेरे भतीजे को प्राथमिक उपचार दिया गया था. अब जब हम यहां पहुंच गए हैं, तो हमें अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है. अधिकारी कह रहे हैं कि परीक्षा शुरू हो चुकी है और हमें अंदर जाने की इजाजत देना मुमकिन नहीं है.
अहमदाबाद के वस्त्रापुर में स्थित NEET परीक्षा केंद्र आरजे टिबरेवाल पर हिंदू छात्रों के हाथ में कलावा और मुस्लिम छात्राओं के हिजाब पहनने को लेकर हुआ विवाद खड़ा हो गया. परीक्षा सेंटर के गेट पर सिक्योरिटी कर्मियों के द्वारा कलावा काटकर छात्रों को प्रवेश दिया गया, उसी समय मुस्लिम छात्राओं का हिजाब उतरवाया गया था.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि आज न सिर्फ NEET परीक्षा होगी बल्कि CBSE के बाकी नतीजे भी बहुत जल्द जा कर दिए जाएंगे. 17,00,000 में से लगभग 15,50,000 छात्रों के नतीजे पहले ही जारी किए जा चुके हैं जिन्होंने री-इवैल्यूएशन, री-असेसमेंट और री-वेरिफिकेशन के लिए आवेदन किया था, उनकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है.
नीट का री-एग्जाम शुरू हो चुका है. इसके बाद से कई सेंटर्स से तरह-तरह की खबरें सामने आ रही है. एनटीए ने पहले ही साफ कहा था कि ठीक आधे घंटे पहले यानी 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी छात्र को एंट्री नहीं दी जाएगी. कई जगहों पर ऐसा ही देखने को मिला लेकिन इस बीच कुछ छात्र परीक्षा देने से रह गए, जिसके बाद बाहर खड़े पेरेंट्स ने विरोध जताया.
मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में इस बार सुरक्षा के नाम पर कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने परीक्षा केंद्रों पर भारी विवाद खड़ा कर दिया है. परीक्षा से पहले बड़े-बड़े दावे किए गए थे कि छात्रों की धार्मिक भावनाओं को बिल्कुल भी ठेस नहीं पहुंचाई जाएगी और कलाइयों से मन्नत के धागे नहीं हटाए जाएंगे. लेकिन जब परीक्षा की घड़ी आई तो जमीनी हकीकत इन दावों से कोसों दूर नजर आई.
अब जब नीट परीक्षा शुरू हो गई है तो अलग-अलग सेंटर से खबरें सामने आने लगी है. छात्रा के परिवार का दावा है कि वह दोपहर 1:31 बजे एग्जाम सेंटर पर पहुंची लेकिन गेट दोपहर 1:27 बजे बंद हो गए थे. माता-पिता उसे अंदर लेने का अनुरोध कर रहे हैं.
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की सुविधा के लिए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने रविवार को विशेष बस सेवाओं की व्यवस्था की. BEST कर्मचारियों की जारी हड़ताल के बावजूद छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए करीब 180 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा.
AP सरकार NEET उम्मीदवारों के लिए मुफ्त बस सेवा की सुविधा दे रही है ताकि वे समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें. पूरे राज्य से NEET उम्मीदवार अपने परीक्षा केंद्रों तक मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाने के लिए अपना NEET परीक्षा एडमिट कार्ड दिखा सकते हैं.
बिहार के पटना में परीक्षा केंद्रों के बाहर री-नीट के लिए छात्रों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है.
री-नीट को लेकर छात्र और अभिभावक अभी भी थोड़ी चिंता में नजर आ रहे हैं. हालांकि, छात्रों की तैयारी की बात करें तो, वह उत्सुक भी दिखाई दे रहे हैं.
गुजरात में NEET 2026 री-एग्जाम राज्य के 210 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. इसमें करीब 80 हजार छात्र परीक्षा देंगे. अहमदाबाद के 23 परीक्षा केंद्रों पर 10,500 छात्र NEET की री-एग्जाम देंगे. दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक NEET परीक्षा आयोजित होगी, परीक्षा के लिए छात्रों को 15 मिनट अधिक दिया जाएगा. छात्र को परीक्षा केंद्र में 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा. अहमदाबाद के सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास के इलाके की पुलिस कंट्रोल रूम, ड्रोन और मूविंग निर्भया CCTV की मदद से नजर रखी जाएगी.
जम्मू-कश्मीर में भी री-नीट की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. कड़ी सुरक्षा के बीच छात्र एग्जाम सेंटर पर जा रहे हैं.
NEET UG परीक्षा शुरू होने के साथ ही दिल्ली भर के परीक्षा केंद्रों पर छात्र पहुंचने लगे हैं. परीक्षा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. राष्ट्रीय राजधानी में कुल 97 परीक्षा केंद्रों पर NEET UG में शामिल होने वाले लगभग 58,000 उम्मीदवार परीक्षा देंगे. दिल्ली सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए विशेष कूलिंग जोन बनाए हैं. कई छात्रों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करने से पहले बाहर अपने नोट्स दोहराते और आखिरी समय की तैयारी करते देखा गया.
आज NEET की दोबारा परीक्षा के लिए कोलकाता के केंद्रीय विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र अपने माता-पिता के साथ कतार में खड़े हैं, जबकि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. छात्रों का कहना है कि पहली परीक्षा रद्द होने के बाद वे तनाव में थे, लेकिन अब उन्हें राहत महसूस हो रही है कि उन्हें एक और मौका मिलेगा.
री-नीट 2026 एग्जाम के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं जिसके लिए एग्जाम सेंटर पर सिक्योरिटी का सामान पहुंच रहा है.
री-नीट यूजी 2026 की परीक्षा का आयोजन दोपहर 2.00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगा. नीट यूजी एडमिट कार्ड पर दिए गए अलॉटेड रिपोर्टिंग टाइम के मुताबिक ही सेंटर पहुंचना होगा. बता दें कि सुबह 11:30 बजे से एंट्री शुरू हो जाएगी. एजेंसी ने कहा है कि 1.30 बजे तक गेट बंद हो जाएगा इसके बाद से किसी को एंट्री नहीं मिलेगी.
NEET पर तमिलनाड़ु के मंत्री अरुणराज ने कहा कि TVK का रुख है कि NEET नहीं होना चाहिए. यह राज्य के अधिकारों के खिलाफ है. शिक्षा को राज्य सूची में शामिल किया जाना चाहिए. दोबारा परीक्षा के कारण छात्र डिप्रेशन से गुजर रहे हैं. मनोवैज्ञानिकों की मदद से 104 स्पेशल असिस्टेंस की व्यवस्था की गई है.
दिल्ली के कैनरा बैंक से भारी सुरक्षा के बीच नीट का पेपर परीक्षा केंद्र के लिए ले जाया गया है. दिल्ली पुलिस और सैनिक बल की तैनाती की गई है.
लखनऊ में नीट की परीक्षा के लिए 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिसमें करीब 35,594 छात्र परीक्षा देंगे. हर परीक्षा केंद्र पर चेकिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं. सब इंस्पेक्टर से लेकर महिला कांस्टेबल की 2 अलग अलग टीमें लगाई गई हैं. लखनऊ में चेकिंग के लिए 75 सब इंस्पेक्टर, 185 हेड कांस्टेबल 238 महिला कांस्टेबल परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए हैं. परीक्षा केंद्र पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 86 सब इंस्पेक्टर 161 हेड कांस्टेबल 97 महिला कांस्टेबल के साथ-साथ सादे वर्दी में 150 पुलिस कर्मियों को लगाया गया है.
बदरपुर नीट परीक्षा केंद्र पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. वहीं सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस के द्वारा चाक चौबंद इंतजाम किया गया है.