प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आयोजित होने वाले 19वें 'रोजगार मेला' में देशभर के 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के जॉइनिंग लेटर वर्चुअली बांटेगे. यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री युवाओं को संबोधित भी करेंगे.
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. इस पहल की शुरुआत के बाद से अब तक देश भर में 18 रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं.
इन मेलों के माध्यम से अब तक लगभग 12 लाख युवाओं को सरकारी सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं. कल का आयोजन इस कड़ी का 19वां बड़ा पड़ाव होगा.
पीएम मोदी ने X पर शेयर की खुशी
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए युवाओं को प्रोत्साहित किया. उन्होंने लिखा, "देश भर में हमारे युवा साथियों के उज्ज्वल भविष्य और सशक्तिकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है. इसी दिशा में, कल सुबह मैं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक और रोजगार मेला में शामिल होऊंगा, जहां मुझे विभिन्न सरकारी विभागों के लिए युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने का सौभाग्य मिलेगा."
देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ आयोजन
यह विशाल आयोजन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश के कोने-कोने में 47 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा. इस भर्ती अभियान के तहत चयनित युवा केंद्र सरकार के अहम मंत्रालयों में सेवाएं देंगे, जिनमें प्रमुख हैं:-
रेलवे मंत्रालय (Ministry of Railways)
गृह मंत्रालय (Home Ministry)
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय
वित्तीय सेवाएं और उच्च शिक्षा विभाग
aajtak.in