साइबर सिटी गुड़गांव में एक बार फिर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. यहां बदमाशों ने सरेआम एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ पहले तो छेड़छाड़ की और फिर उसका अपहरण करने की भी कोशिश की. फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है.
हैरान कर देने वाली यह वारदात गुड़गांव के भीड़भाड़ वाले इलाके इफको चौक की है. पीड़ित युवती गुड़गांव के सेक्टर-18 स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कंसलटेंट के पद पर कार्यरत है. पीड़िता के मुताबिक, चार दिन पहले वह जयपुर से गुड़गांव आई थी. शाम तकरीबन 7 बजे इफको चौक पर उतरने के बाद जैसे ही वह सड़क पार करने लगी उसी दौरान एक स्कार्पियो गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की. इतना ही नहीं, आरोपी युवक उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर उसके की कोशिश करने लगे.
चौराहे पर जैसे ही ट्रैफिक सिग्नल की लाइट रेड से ग्रीन हुई, गाड़ियों की आवाजाही बढ़ गई और बदमाश युवती को वहीं छोड़कर फरार हो गए. अगले दिन युवती ने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करने की कोशिश की लेकिन वह नाकाम रही. जिसके बाद उसके सोशल मीडिया पर आपबीती शेयर की. पर मामले के तूल पकड़ते ही गुड़गांव पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरु की. गुड़गांव के पुलिस कमिश्नर खुद इस केस को देख रहे हैं. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
तनसीम हैदर