यूपी के रामपुर में एक महिला का इलाज करने के बहाने डॉक्टर ने अपनी हवस का शिकार बना डाला. इस दौरान आरोपी ने घटना के बारे में किसी से जिक्र करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित महिला ने सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, रामपुर के एमडी और हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर ताज मोहम्मद पर एक महिला ने रेप का मुकदमा दर्ज कराया है. पीड़िता का कहना है कि वह रात के समय उनसे इलाज कराने गई थी. इस दौरान उन्होंने उसको पकड़कर उसके साथ रेप कर दिया. घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी.
किसी तरह आरोपी के चंगुल से आजाद होकर वह अपने घर पहुंची. परिजनों को इस घटना के बारे में बताया. एसपी संजीव त्यागी का कहना है कि महिला की शिकायत के बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है. महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है.
जंगल में ले जाकर युवती से गैंगरेप
बताते चलें कि रामपुर जिले के ही शाहबाद इलाके में एक युवती को चार युवक जबरन पकड़कर जंगल में ले गए और वहां उसके साथ गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला. पीड़िता पशुओं के लिए चारा लेने गई थी. उसके परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. उनकी तलाश की जा रही है.
पीड़ित युवती पशुओं के लिए चारा लेने गांव से बाहर गई थी. उसे अकेला पाकर इलाके के चार युवकों ने दो बाइक से उसे अगवा कर लिया. उसे लेकर एक जंगल में ले गए, जहां चारों ने उसके साथ गैंगरेप किया. इसी बीच कुछ लोगों को उधर आता देख चारों आरोपी वहां से फरार हो गए. ग्रामीणों ने बदहवास हालत में किसी तरह युवती को उसके घर पहुंचाया.
उसने अपनी आपबीती परिजनों को बताई, तो उनके होश उड़ गए. इसके बाद परिजनों ने चारों आरोपियों सियाराम नेता, नूरा, कन्हैया और सलमान के खिलाफ थाना शाहबाद में नामजद तहरीर दी. इसके बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.
मुकेश कुमार