यूपी के मुजफ्फरनगर में शादी करने के लिए एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही मालिक का घर लूट लिया. दोनों ने कैश और सोने के जेवरात चुरा लिए. उनका इरादा इसे बेचकर शादी करने का था. नियोक्ता की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करके प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया. दोनों ने अपराध कबूल कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, जिले के पटेल नगर इलाके में दूध विक्रेता रामबीर बालयान के घर पर एक लड़की काम करती थी. 28 मई को उसने अपने नियोक्ता के घर से अपने प्रेमी के साथ मिलकर कैश और गहनों की चोरी की थी. दोनों का इरादा इस चोरी किए गए सामान को बेचकर शादी करने का था. आरोपी लड़की पर नियोक्ता को शक था.
पुलिस ने बताया कि नियोक्ता की शिकायत पर आरोपी लड़की के खिलाफ केस दर्ज करके जब जांच की गई, तो पूरे मामले से पर्दा उठ गया. आरोपी पूजा और वैभव को गिरफ्तार करके उनके पास से करीब 52 हजार रुपये और सोने के जेवरात बरामद कर लिए गए. दोनों ने अपना भी कुबूल कर लिया है. उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.
वहीं, हरियाणा के फरीदाबाद में घर में काम करने वाली एक मेड घर से लाखों रुपये के जेवरात ले कर चंपत हो गई. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-82 प्राणायाम निवासी ब्रजभूषण ने पुलिस में शिकायत दी कि उनके यहां काम करने वाली नौकरानी सुरेश उर्फ मंजू मंगलवार को उसके घर से चोरी करके फरार हो गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुकेश कुमार / BHASHA