देश भर में नोटबंदी के बाद इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और पुलिस की छापेमारी में करोड़ों रुपये बरामद हो रहा हैं. बुधवार को बंगलुरु में 2.25 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र के ठाणे में एक करोड़ रुपये, मध्य प्रदेश के बालाघाट में 14.40 लाख रुपये और गुड़गांव में 8 लाख रुपये 2000 रुपये की नई करेंसी बरामद की गई है.
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने नए नोटों में एक करोड़ रुपये से अधिक रकम जब्त करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन गडकरी ठाकरे ने बताया कि चिंतन रांभिया, गौरव पिचार और हरीश राउत से ठाणे सिविल अस्पताल के पास इस रकम को जब्त किया गया.
संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष डुम्बरे ने बताया कि ये तीनों ही 2000 रुपये के नये नोटों में एक करोड़ रुपये 20 फीसदी कमीशन पर 500-1000 रुपये के पुराने नोटों में 1.20 करोड़ के स्थान पर देने जा रहे थे. उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इस संबंध में आयकर अधिकारियों को भी सूचना दे दी है.
मुकेश कुमार