दिल्ली: गिरफ्त में ऑडी वाले लुटेरे, रात में यूं तलाशते थे शिकार, JNU प्रोफेसर को भी लूटा

हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने जेएनयू प्रोफेसर के डेबिट कार्ड से 28 हजार 500 कैश निकाले और 5 हजार का अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाया. फिर थोड़ी देर बाद प्रोफेसर को छोड़ दिया.

Advertisement
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 21 जून 2022,
  • अपडेटेड 7:14 PM IST
  • दिल्ली पुलिस ने दो लुटेरों को किया गिरफ्तार
  • आरोपियों ने जेएनयू प्रोफेसर से की थी लूटपाट

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के प्रोफेसर के साथ लूटपाट करने वाले दो लुटेरों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दिल्ली के ये शातिर लुटेरे रात के वक्त में ऑडी कार से घूमते थे और शिकार की तलाश करते थे. पकड़ में आए लुटेरों के नाम रजत पाल सिंह और आशीष शौकीन हैं. पुलिस ने रजत के पास से ऑडी कार और आशीष के पास से रेंज रोवर बरामद की है. आशीष लग्जरी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का काम करता है, जबकि रजत पाल सिंगर है. पुलिस ने उनके पास से 20 हजारे रुपये कैश भी बरामद किया है.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, 17 और 18 जून की रात जेएनयू के एक प्रोफेसर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रात के वक्त अपनी पत्नी और बेटी को बुराड़ी स्थित ससुराल छोड़कर निकले थे. वह जेनएयू कैंपस की तरफ अपनी कार से जा रहे थे. रात में करीब 12:30 बजे जब वह नारायणा फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दाहिनी तरफ से उनकी कार में किसी ने टक्कर मार दी, लेकिन प्रोफेसर ने अपनी गाड़ी वहां पर नहीं रोकी.

इसके बाद वह जब अगली लाल बत्ती जो कि दिल्ली कैंट के पास है, वहां पहुंचे तो उन्होंने अपनी कार रोकी. जब वह उतरकर देखने के लिए पीछे की तरफ पहुंचे, तभी कुछ लोग मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि उन लोगों ने प्रोफेसर की गाड़ी की चाभी अपने पास रख ली और प्रोफेसर को जबरन ऑडी कार में बिठा लिया. प्रोफेसर को लेकर वे मूलचंद, आश्रम और ग्रेटर कैलाश घूमते रहे.

Advertisement

इसके बाद किसी अज्ञात जगह में एक घर में ले गए और प्रोफेसर का डेबिट कार्ड ले लिया. आरोपियों ने डेबिट कार्ड से 28 हजार 500 कैश निकाले, 5 हजार का अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाया और फिर एक पेट्रोल पंप के पास प्रोफेसर को छोड़ दिया. साथ ही उनकी गाड़ी और चाभी भी उन्हें वापस कर दी. नारायणा पुलिस स्टेशन ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

जांच के दौरान पुलिस ने पेट्रोल पंप, एटीएम और कुछ रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली. पुलिस ने आरोपी रजत पाल और आशीष शौकीन को गिरफ्तार किया. पुलिस ने दोनों के पास से ऑडी और रेंज रोवर गाड़ियों को जब्त कर लिया. इनके पास से लूटे गए 20 हजार कैश भी बरामद कर लिए गए. पुलिस के मुताबिक, इस लूट में कुछ और लोग शामिल थे, जिनकी तलाश की जा रही है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »