भोपाल: चार महीने बाद खुली मर्डर मिस्ट्री, प्रेमिका के पिता ने करंट देकर की थी प्रेमी की हत्या

प्रेमिका के पिता ने मौके पर ऐसे हालात बनाए, जिससे लगे कि युवक पर आकाशीय बिजली गिरी है जिससे झुलसने के कारण उसकी मौत हुई है.  

Advertisement

हेमेंद्र शर्मा

  • भोपाल,
  • 04 जनवरी 2021,
  • अपडेटेड 1:44 PM IST
  • भोपाल में चार महीने पहले एक युवक की हत्या हुई थी
  • शुरुआत में उसे आकाशीय बिजली से हुई मौत समझा गया
  • जांच में पता चला कि लड़की के पिता ने ही करंट देकर हत्या की थी

भोपाल पुलिस ने एक अधेड़ शख्स को एक युवक की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. चार महीने पहले इस युवक की मौत का कारण आकाशीय बिजली गिरना बताया गया था. लेकिन अब भोपाल पुलिस ने खुलासा किया है कि अधेड़ शख्स को अपनी बेटी का इस युवक के साथ मेलजोल पसंद नहीं था, इसलिए उसने साजिश रच कर 26 वर्षीय युवक की हत्या कर दी.  

Advertisement

भोपाल पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है. उसकी बुरी तरह झुलसी हुई लाश 29 अगस्त को गूंगा इलाके में उसकी मोटरसाइकिल के साथ बरामद हुई थी. मौके पर ऐसे हालात बनाए गए थे जिससे लगे कि युवक पर आकाशीय बिजली गिरी और करंट के झटकों से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.   

देखें- आजतक LIVE TV

पोस्ट मार्टम रिपोर्ट से भी यही सामने आया कि धर्मेंद्र की मौत करंट से झुलसने से हुई. लेकिन अबी पुलिस ने धर्मेंद्र की हत्या के आरोप में गूंगा इलाके में रहने वाले अधेड़ शख्स रईस खान को गिरफ्तार किया है. 

पुलिस ने बताया “धर्मेंद्र का रईस खान की बेटी से प्रेम संबंध था जो रईस खान को पसंद नहीं था.  29 अगस्त को धर्मेंद्र जब लड़की से मिलने के बाद लौट रहा था तो रईस खान ने पहले उसके सिर पर पत्थर मारा और फिर उसे क्षेत्र से गुजर रही हाई टेंशन लाइन से बिजली के झटके दिए. धर्मेंद्र की मौत के बाद उसकी लाश को मेन रोड पर लाकर उसकी मोटरसाइकिल के पास फेंक दिया गया. ये सब ऐसे किया गया जिससे लगे कि धर्मेंद्र की मौत आकाशीय बिजली के हादसे से हुई.  

Advertisement

पुलिस को भी शुरू में धर्मेंद्र की मौत का कारण बिजली गिरना ही लगा, क्योंकि उस दिन तेज बारिश का मौसम चल रहा  था. लेकिन पुलिस ने जांच जारी रखी क्योंकि धर्मेंद्र की एक मुट्ठी बंद थी. मोटरसाइकिल चलाते वक्त मुट्ठी का बंद रहना संभव नहीं था. पुलिस के सामने एक सवाल ये भी था कि धर्मेंद्र शहर के दूसरे कोने में स्थित शाहपुरा के एक शॉपिंग माल में काम करता था, तो वो मौत वाले दिन गूंगा इलाके में क्या कर रहा था? 

धर्मेंद्र के घरवालों से पुलिस को पता चला कि गूंगा इलाके में रहने वाली किसी लड़की से उसका मेलजोल था. इसके बाद पुलिस के रडार पर रईस खान आया. पुलिस ने उस तार को बरामद कर लिया जिससे रईस खान ने हाई टेंशन वायर से बिजली ली थी. पुलिस के मुताबिक रईस खान ने पूरा प्लान बनाकर धर्मेंद्र की हत्या की. आरोपी को पता था कि धर्मेंद्र और लड़की किस जगह पर मिला करते थे. उसने बारिश वाले दिन को हत्या के लिए चुना जिससे कि ऐसा लगे कि मौत बिजली गिरने से हुई.   

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »