कोरोना वायरस ने ब्रिटेन ही नहीं, सऊदी के शाही खानदान को भी अपनी चपेट में ले लिया है. न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के सत्तारूढ़ शाही परिवार के 150 लोग कोरोना वायरस की चपेट में हैं. कोरोना पॉजिटिव सऊदी अरब के प्रिंस फैसल बिन अब्दुल अजीज अल साउद को आईसीयू में रखा गया है. बता दें कि प्रिंस जिस हाउस ऑफ सऊद से जुड़े हैं उसमें करीब 15000 सदस्य हैं. जानें- शाही खानदान से जुड़ी कुछ बातें.
बता दें कि हाउस ऑफ सऊद के नाम से मशहूर सऊदी अरब के शाही खानदान में करीब 15000 सदस्य हैं. ये पूरा खानदान मुहम्मद बिन सऊद के वंशजों का है. वो पहले सऊदी राज्य (1744-1818) दिरियाह के संस्थापक के रूप में जाने जाते हैं.
बता दें कि आधुनिक सऊदी अरब या तीसरी सऊदी राजसत्ता के संस्थापक मलिक अब्दुल अजीज अल-ए सऊद के छह बेटों ने साल 1953 से विश्व की अंतिम और पूर्ण
राजशाही वाली व्यवस्था पर शासन किया है. मलिक अब्दुल अजीज अल-ए सऊद के शासनकाल में पश्चिमी देशों की कंपनियों ने सऊदी अरब में व्यापक रूप से तेल के उत्पादन की शुरुआत की.
अब शाही परिवार में कोरोना संकट गहराने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती सभी पुराने मरीजों को जल्द से जल्द अस्पताल खाली करने को कहा गया है. अब हॉस्पिटल में सिर्फ इमरजेंसी मरीजों और शाही परिवार व वीआईपी लोगों का ही इलाज होगा.
सऊदी के शाही परिवार का इलाज कर रहे डॉक्टर अब हॉस्पिटल में 500 बेड की भी व्यवस्था करने में जुट गए हैं. ये बेड उन लोगों के लिए तैयार हो रहे हैं जो शाही परिवार के सदस्य हैं. यहां ऐसे भी लोग रहेंगे जो शाही परिवार के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुए हैं.
शाही खानदान में कोरोना के कहर के बाद पूरे हाउस ऑफ सउद में हड़कंप की स्थिति बन गई है. कुछ लोग जो किसी भी प्रकार से प्रिंस के संपर्क में आए हैं, उन सभी को सेल्फ आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है. शाही खानदान के 150 लोग जो संक्रमित पाए गए हैं, डॉक्टरों की टीमें लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं.