पूरी दुनिया में तबाही मचा चुका कोरोना वायरस का खौफ बढ़ता ही जा रहा है. ईरान में भी इसने भीषण तबाही मचाई. ईरान में तो इस कदर इसका खौफ है कि एक अफवाह के कारण लोगों ने ऐसी नशीली चीज पी ली, जिससे 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और करीब 1000 लोग बीमार पड़ गए.
डेली मेल ने ईरानी मीडिया के हवाले से अपनी एक रिपोर्ट में बताया
है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान में मेथेनॉल के सेवन से अब तक लगभग 300
लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक बीमार हो गए हैं, अब यहां इस पर प्रतिबंध
लगा दिया गया है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बड़ी संख्या में लोगों
ने ऐसा क्यों किया.
दरअसल, पिछले दिनों ही ईरान में
मेथेनॉल पीने से कोरोना वायरस का संक्रमण ठीक होने की अफवाह फैलने के बाद
इसका सेवन लोगों ने बड़ी मात्रा में किया. शुरू में मरने वालों का आंकड़ा कम
था लेकिन ताजा आंकड़ा अब 300 पर पहुंच गया है. जबकि 1000 से अधिक लोगों
के बीमार होने की बात की जा रही है.
ईरान की न्यूज एजेंसी
‘इरना’ ने एक रिपोर्ट में बताया था कि जहरीली शराब पीने से दक्षिण पश्चिम
प्रांत खुजेश्तान में मरने वालों की संख्या काफी ज्यादा है. इसके अलावा
उत्तरी अलबोर्ज क्षेत्र और केरमनशाह में भी लोगों की मौत हुई है.
ईरान
में शराब पीने पर प्रतिबंध है. इसके बावजूद भी कुछ गैर मुस्लिम धार्मिक
अल्पसंख्यकों को ही शराब पीने की छूट है. रिपोर्ट में बताया गया था कि
अलबोर्ज के उप अभियोजक मोहम्मद अघयारी ने इरना से कहा कि मृतकों ने इस भ्रम
में मेथेनॉल पी ली कि वे कोरोना वायरस से लड़ रहे हैं और ठीक हो रहे हैं.
यहां तक कि ईरान की सोशल मीडिया में भी चल रही तमाम अफवाहों में एल्कोहल पीने को भी कोरोना का इलाज बताया गया है. ईरान के अधिकारियों ने भी चुनाव को देखते हुए वायरस के खतरे को कम करके दिखाने की कोशिश की थी. लोगों ने अपनी सरकार पर भरोसा खो दिया है.
बता दें कि मध्य-पूर्व में ईरान कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह
प्रभावित देश है. यहां अब तक 32000 से अधिक मामले आ चुके हैं और 2300 से
ज्यादा मौतें हो चुकी हैं. तमाम विश्लेषकों को ये भी शक है कि ईरान अपने
यहां के कोरोना मामलों को छिपा रहा है.
उधर यूरोप की बात करें तो वहां कोरोना वायरस के 3 लाख से ज्यादा केस हैं. अकेले इटली में
कोरोना वायरस के 86 हजार से ज्यादा कंफर्म केस हैं. इटली में शुक्रवार को
करीब 1000, गुरुवार को 712, बुधवार को 683, मंगलवार को 743 और सोमवार को
602 लोगों की मौत कोरोना वायरस से हुई थी.
दुनियाभर में बढ़ रहा आंकड़ा:
दुनिया
भर में कुल 5,66,269 लोग कोरोना से संक्रमित हैं जबकि 26 हजार से ज्यादा
लोगों की मौत हो चुकी है. चीन के बाद यूरोप में सबसे ज्यादा कोरोना कहर
बरपा रहा है. पिछले 24 घंटे में ही कोरोना वायरस से स्पेन में 769 लोगों की
जान जा चुकी है. स्पेन में ये एक दिन में सबसे ज्यादा मौत का आंकड़ा है.
भारत की स्थिति:
भारत में भी इसके मामले तेजी
से बढ़ रहे हैं. पिछले 24 घंटे में देश में 75 नए केस सामने आए हैं, जबकि 4
लोगों की मौत हुई है. कोरोना वायरस के भारत में 830 से ज्यादा कंफर्म केस
और 20 लोगों की मौत हो चुकी है.