लखनऊ अग्निकांड के बाद पूरे देश में फायर सेफ्टी को लेकर जांच अभियान तेज कर दिया गया है. इसी क्रम में बिहार फायर डिपार्टमेंट की टीम पटना स्थित खान सर के ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में निरीक्षण के लिए पहुंची. टीम ने कोचिंग संस्थान में फायर सेफ्टी के इंतजाम, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), अग्निशमन उपकरण, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया. अधिकारियों ने यह भी जांचा कि किसी आपात स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने की पर्याप्त व्यवस्था है या नहीं.
बताया जा रहा है कि पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब फायर विभाग की टीम खान सर के कोचिंग सेंटर का निरीक्षण करने पहुंची है. इसके पहले भी 7 जून को खान सर (फैजल खान) कोचिंग में इंस्पेक्शन हुआ था. तब कई कमियां मिलीं... जैसे स्प्रिंकलर और डिटेक्टर सही नहीं, पंप हाउस नहीं थे.
इंस्पेक्शन में क्या मिला?
विभाग ने सात से दस दिन में सुधार का नोटिस दिया था. सोमवार को दूसरी जांच के बाद अब अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने कहा कि काम में प्रगति है लेकिन उस तरीके की प्रगति नहीं है जो होनी चाहिए. फायर स्टेयर बनाने का काम पूरा नहीं हुआ. स्प्रिंकलर और डिटेक्टर अभी भी ऑटोमैटिक नहीं हैं. पंप हाउस एक लगा है, पर इसे पर्याप्त नहीं माना जाएगा.
विभाग ने फिर दस दिन का समय दिया है और कहा है कि अगर मानक पूरे नहीं हुए तो नियमानुसार कार्रवाई होगी. डीआईजी मनोज कुमार नट पहले ही कह चुके हैं कि मानक पूरे न होने पर संस्थान बंद करने की कार्रवाई होगी. इसलिए काम शुरू हुआ है और कुछ प्रगति है पर बड़े काम अभी बाकी हैं और विभाग संतुष्ट नहीं है.
शशि भूषण कुमार