'गरीबों की मदद करने वाला अपराधी नहीं हो सकता', भरत तिवारी के घर पहुंचे खेसारी यादव

खेसारी लाल यादव भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचकर भरत तिवारी के परिजनों से मिले. उन्होंने कहा कि दूसरों की मदद करने वाले लोग अपराधी नहीं हो सकते और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. खेसारी ने भरत के सपनों को आगे बढ़ाने की बात कही और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि केवल संवेदना जताने से न्याय नहीं मिलेगा.

Advertisement
भरत तिवारी की मां से मिलते खेसारी लाल यादव. Photo ITG भरत तिवारी की मां से मिलते खेसारी लाल यादव. Photo ITG

सोनू कुमार सिंह

  • भोजपुर,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:31 PM IST

बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है. इसी क्रम में भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय एक्टर खेसारी लाल यादव मृतक भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात करने उनके गांव पहुंचे. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. खेसारी ने कहा, 'जो लोग दूसरों की मदद करते हैं वे अपराधी नहीं हो सकते. अगर मदद करना अपराध है तो हर कोई अपराधी है.' 

Advertisement

परिजनों से बातचीत के दौरान खेसारी लाल यादव ने कहा कि भरत तिवारी की मृत्यु के बाद बहुत से लोग उनके बारे में अच्छी बातें कर रहे हैं, लेकिन उनके सपनों, सोच और समाज के लिए किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने की चर्चा बहुत कम हो रही है. उन्होंने परिवार से आग्रह किया कि जो भी जनप्रतिनिधि या नेता संवेदना व्यक्त करने आए, उनसे यह सवाल जरूर पूछा जाए कि भरत के अधूरे सपनों को पूरा करने और गरीब-वंचित लोगों के हित में शुरू किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए वे क्या करेंगे.

'सच्चाई सामने आनी चाहिए'
खेसारी ने कहा कि इस मामले को केवल राजनीतिक बयानबाजी या प्रचार तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर गलती हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि न्याय सुनिश्चित होना सबसे जरूरी है.

Advertisement

भोजपुरी स्टार ने यह भी कहा कि केवल गांव पहुंचकर संवेदना प्रकट कर देने या तस्वीरें खिंचवाने से किसी परिवार को न्याय नहीं मिलता. वास्तविक सहयोग वही है जो न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी जरूरत पड़ेगी, वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे और उनकी आवाज को बुलंद करेंगे.

'कानून का काम अपराध छुड़ाना है'
खेसारी लाल यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि कानून का उद्देश्य अपराध और हथियारों पर नियंत्रण करना तथा दोषियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा दिलाना है. यदि किसी पुलिस कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है, ताकि लोगों का विश्वास बना रहे.

इस दौरान भोजपुरी गायक गुंजन सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के कई नेता और बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे. गुंजन सिंह ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग का समर्थन किया.

खेसारी लाल यादव के गांव पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और उनके प्रशंसक भी मौके पर जुट गए. भरत तिवारी की मौत के बाद बिलौटी गांव लगातार राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है, जहां विभिन्न दलों और संगठनों के प्रतिनिधि लगातार पहुंच रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »