पाकिस्तान के एक गुरुद्वारे में पाकिस्तानी फिल्म की स्टारकास्ट ने ऐसी हरकत की, जिस पर विवाद हो गया. दरअसल, गुरुद्वारे के अंदर कुछ मुस्लिम एक्टर्स पगड़ी बांधकर शूटिंग कर रहे थे. चौंकाने वाली बात है कि इनमें कई लोगों ने चप्पल या जूतों को नहीं उतारा था. जबकि गुरुद्वारे परिसर में ऐसा करना बिल्कुल मना है. ऐसे में जब गुरुद्वारे साहिब में पहुंची संगत ने इन्हें देखा तो विरोध करना शुरू कर दिया. दूसरी ओर, भारत में भाजपा ने भी इस मुद्दे को उठाया. भाजपा नेता मजिंदर सिंह सिरसा ने इस पूरे मामले का वीडियो भी शेयर किया है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला पाकिस्तान के हसन अब्दल इलाके में स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब का है. जहां कुछ मुस्लिम पाकिस्तानी कलाकार और फिल्म स्टाफ के लोग फिल्म 'लाहौर-लाहौर ए' की शूटिंग के लिए पहुंचे थे. फिल्म में सीन गुरुद्वारे का था, जिस वजह से कई कलाकारों ने पगड़ी भी पहनी हुई थी.
फिल्म की शूटिंग की वजह से सभी कलाकर गुरुद्वारे परिसर में तो प्रवेश कर गए, लेकिन वहां के नियमों का पालन करना पूरी तरह भूल गए. इसी वजह से किसी ने यह तक ध्यान नहीं दिया कि वे परिसर के अंदर ही चप्पल और जूतों में घूम रहे हैं. जबकि सिख समुदाय के लिए यह बहुत बड़ी बात है.
गुरुद्वारे में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. खुद भाजपा नेता मजिंदर सिंह सिरसा ने इस वीडियो को शेयर किया है. साथ ही गुरुद्वारे में हुई बेअदबी के बारे में बताते हुए पाकिस्तान सरकार को टैग भी किया है.
Blasphemous actions continue in Pakistan: Sharing a video of BEADABI in Gurdwara #PanjaSahib, where a film crew was allowed to shoot for a movie in Gurdwara premises.
— Manjinder Singh Sirsa (@mssirsa) October 3, 2022
Earlier we saw similar pictures of frivolous acts in premises of Gurudwara Kartarpur Sahib@ANI @GovtofPakistan pic.twitter.com/w9p7F9WISo
भाजपा नेता मजिंदर सिंह सिरसा ने इस बारे में एक और वीडियो शेयर करते हुए कहा कि सिख धर्म के खिलाफ हो रही बेअदबी को पाकिस्तान सरकार लगातार अनदेखा कर रही है. इसलिए बेअदबी रुकती हुई नजर नहीं आ रही है. मजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि वे भारत सरकार से मांग करते हैं कि इस मामले को पाकिस्तान सरकार के सामने उठाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त सजा की बात की जाए.
Because @GovtofPakistan continues to ignore acts of Beadbi against Sikh religion; there is no stopping the trend. We condemn this blasphemy in strongest words. I urge Govt of India to take up this issue with Govt of Pak for strict action against the culprits.@MEAIndia @ANI https://t.co/ZLPUeUaIWX pic.twitter.com/Xwx58RJV3A
— Manjinder Singh Sirsa (@mssirsa) October 3, 2022
वीडियो में दिख रहे मुस्लिम कलाकार फिल्म सीन के लिए सिख बने हुए हैं, जिस वजह से उन्होंने सरदारों जैसा लुक किया हुआ है. ऐसे में सिर्फ जूते या चप्पल लेकर ही वो अंदर नहीं घुसे, बल्कि कई ऐसे थे, जिन्होंने अपना सिर तक नहीं ढका. जबकि यह भी गुरुद्वारे का नियम होता है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, जब गुरुद्वारा संगत ने उनसे पूछा तो कलाकार कहने लगे कि हम आपके मेहमान हैं. संगत ने इस पर कहा कि अगर मेहमान मर्यादा में आते हैं तो उनका गुरुद्वारे साहिब में हमेशा स्वागत है. वहीं संगत ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब को शूटिंग स्थल नहीं बनाया जा सकता है.
रिपोर्ट्स की मानें तो यह घटना 29 सितंबर की है. वीडियो बनाते हुए जब गुरुद्वारे से जुड़े कुछ लोगों ने कलाकारों से बेअदबी की याद दिलाई तो उन्होंने उल्टा ही बहस करनी शुरू कर दी. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बारे में शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.