भारत में सोशल मीडिया पर वायरल हुई "कॉकरोच जनता पार्टी" अब पाकिस्तान तक पहुंच गई है. भारत में शुरू हुआ यह व्यंग्यात्मक ऑनलाइन राजनीतिक आंदोलन अब पड़ोसी मुल्क में भी युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है. पाकिस्तान में इसकी तर्ज पर "कॉकरोच अवामी पार्टी (CAP)" और "कॉकरोच अवामी लीग (CAL)" जैसे कई सोशल मीडिया पेज सामने आए हैं.
दरअसल भारत में "कॉकरोच जनता पार्टी" यानी CJP की शुरुआत पिछले हफ्ते हुई. इसका आधार उस विवादित टिप्पणी से जुड़ा है, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कथित तौर पर बेरोजगार एक्टिविस्ट युवाओं की तुलना "कॉकरोच" और "पैरासाइट" से की थी. हालांकि बाद में सफाई दी गई, लेकिन सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर बहस छिड़ गई.
यह भी पढ़ें: 'कॉकरोच जनता पार्टी’ का ऐसा क्रेज, लोग टी-शर्ट पर लगाने लगे कॉकरोच स्टीकर
इसी विवाद के बाद अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के पीआर ग्रेजुएट और आम आदमी पार्टी के पूर्व सहयोगी अभिजीत दिपके ने 16 मई को सोशल मीडिया पर "कॉकरोच जनता पार्टी" कैंपेन लॉन्च कर दी. उन्होंने खुद को मजाकिया अंदाज में "कॉकरोच" बताते हुए इस आंदोलन को बेरोजगार और सिस्टम से नाराज युवाओं की आवाज कहा.
करोड़ों में पहुंचे फॉलोअर्स
कुछ ही दिनों में पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट तेजी से वायरल हो गया और उसके फॉलोअर्स करोड़ों में पहुंच गए. पार्टी ने खुद को "आलसी और बेरोजगार युवाओं" की आवाज बताते हुए शिक्षा, रोजगार, हेल्थकेयर, एग्जाम सिस्टम सुधार और सरकारी जवाबदेही जैसे मुद्दे उठाए. व्यंग्य और मीम्स के जरिए यह आंदोलन तेजी से युवाओं के बीच लोकप्रिय हो गया.
भारत में इसकी लोकप्रियता बढ़ने के बाद पाकिस्तान में भी इसी तरह के अकाउंट सामने आने लगे. "Cockroach Awami Party" नाम के एक इंस्टाग्राम पेज ने खुले तौर पर माना कि वह भारतीय आंदोलन से प्रेरित है. उसके बायो में लिखा गया, "हाँ कॉपी किया है लेकिन किसे फ़र्क पड़ता है. बात वही है."
CJP के पाकिस्तानी वर्जन का क्या इरादा है?
पाकिस्तानी "कॉकरोच" पेज खुद को वहां की जेन-ज़ी पीढ़ी की आवाज बता रहे हैं. इनका दावा है कि वे पाकिस्तान की पारंपरिक राजनीति के विकल्प के तौर पर सामने आना चाहते हैं. कई पोस्ट्स में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI), पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) जैसी मुख्यधारा की पार्टियों पर तंज कसा गया है.
यह भी पढ़ें: 'कॉकरोच जनता पार्टी से चुनाव लड़ लिया जाएगा', सपा के मंच से बोले राजभर की पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी
एक एक्स अकाउंट @CockroachAP ने उर्दू में लिखा, "जिन्हें सिस्टम ने कॉकरोच समझा, हम उन्हीं अवाम की आवाज हैं." वहीं "Cockroach Awami League Pakistan" नाम का दूसरा पेज "हर हालात में जिंदा हैं" जैसे स्लोगन के साथ खुद को युवाओं का प्रतीक बता रहा है.
हालांकि भारत की "कॉकरोच जनता पार्टी" के पास संस्थापक, वेबसाइट और एक तरह का घोषणापत्र मौजूद है, लेकिन पाकिस्तान में इसके कई अलग-अलग वर्जन बन गए हैं. वहां फिलहाल यह ज्यादा मीम कल्चर और ऑनलाइन व्यंग्य तक सीमित दिख रहा है.