यूपी के कौशांबी जिले में नेशनल हाइवे पर एक हादसा हो गया. यहां सड़क किनारे खड़े डीजल टैंकर में तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर की बॉडी फट गई और बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना कोखराज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित नेशनल हाइवे की है. डीसीएम कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया. टक्कर लगने के बाद जैसे ही डीजल सड़क पर बहने लगा, आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए.

लोगों ने घायलों की मदद करने की बजाय डीजल लूटने की होड़ मचा दी. ग्रामीण अपने घरों से डिब्बे, बाल्टियां और बोतलें लेकर पहुंचे और सड़क पर फैले डीजल को भरने लगे. कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई.
यह भी पढ़ें: राजस्थान: बेकाबू होकर पलटा टैंकर, दूध लूटने की मची होड़
घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल डीजल भर रहे लोगों को खदेड़ा और स्थिति को काबू किया. साथ ही सड़क पर फैले डीजल के कारण किसी भी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए.
पुलिस ने यातायात को कुछ समय के लिए कंट्रोल किया, ताकि दुर्घटना की स्थिति से बचा जा सके. बाद में ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य किया गया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाते हुए इस तरह की हरकतों से बचने की अपील की.
इस पूरी घटना के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह लोग बाल्टियों और डिब्बों में डीजल भर रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.