उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के थाना नरोरा क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गांव रतनपुर में एक पिता ने कथित तौर पर अपनी 12 वर्षीय बेटी पूजा की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्ची की मां आरती ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका पति पुष्पेंद्र नशे का आदी है और दूध बेचने का काम करता है. वह अक्सर नशे में घर आकर मारपीट करता था. गुरुवार को वह गांव की एक दुकान पर गया, जहां दुकानदार ने बताया कि उसकी बेटी पूजा टॉफी का डिब्बा बिना पैसे दिए ले गई थी.
यह सुनते ही आरोपी गुस्से से भर गया और शाम करीब पांच बजे घर पहुंचकर बेटी को लकड़ी के डंडे से पीटना शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें: बुलंदशहर में सिर के बाल चुराने वाले गैंग का पर्दाफाश, पुलिस ने ₹1 लाख के बालों के साथ पांच शातिर दबोचे
मां ने बचाने की कोशिश, नहीं रुका पिता
मां आरती ने कई बार बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे भी बीच से हटा दिया. डंडे से सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद पूजा बेहोश होकर गिर पड़ी. इसके बावजूद पिता ने दरवाजा बंद कर दिया और बच्ची को उसी हालत में घर में पड़ा रहने दिया.
बाद में मां ने बेटी के कपड़े बदले और उसकी हालत गंभीर बताते हुए पिता से अस्पताल ले जाने को कहा. आरोप है कि आरोपी ने उसे धमकाया, लेकिन रात में जब बच्ची की हालत और बिगड़ी तो वह घर से बाहर निकल गया.
मां के शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और दरवाजा खोलकर बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम में सामने आईं कई चोटें
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर 10 से 12 चोटों के निशान मिले हैं और सिर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है.
सीओ डिबाई मधु कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में विधिवत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आरोपी पिता की तलाश में जुटी है.