scorecardresearch
 

वेब सीरीज Breaking Bad से सीखा ड्रग का फॉर्मूला, रेव पार्टी में सप्लाई की तैयारी...आगरा के केमिस्ट्री टीचर की करतूत

आगरा में केमिस्ट्री के एक टीचर की गिरफ्तारी ने पुलिस को चौंका दिया. आरोपी पर सिंथेटिक ड्रग MDMA बनाने की तैयारी का आरोप है. पूछताछ में उसने बताया कि वेब सीरीज Breaking Bad और यूट्यूब वीडियो देखकर उसने ड्रग बनाना सीखा.

Advertisement
X
आगरा के केमिस्ट्री टीचर की करतूत (Photo: itg)
आगरा के केमिस्ट्री टीचर की करतूत (Photo: itg)

हाल में खबर आई थी कि उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो पेशे से केमिस्ट्री का टीचर है, लेकिन उस पर सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए बनाने का आरोप है. मामले में परतें खुलीं तो मालूम हुआ कि टीचर ने मशहूर वेब सीरीज ब्रेकिंग बैड देखकर प्रतिबंधित MDMA ड्रग बनाना सीखा था. आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि उसने यूट्यूब वीडियो देखकर भी इस ड्रग को बनाने की तैयारी की थी.

वेब सीरीज ब्रेकिंग बैड देखकर आया आइडिया

आगरा में पकड़े गए इस टीचर ने पुलिस पूछताछ में हैरान करने वाला खुलासा किया है. आरोपी ने बताया कि उसने मशहूर वेब सीरीज ब्रेकिंग बैड देखी थी, जिसमें ड्रग बनाने की कहानी दिखाई जाती है. इसी सीरीज को देखने के बाद उसके मन में भी ड्रग बनाने का ख्याल आया.

रेव पार्टियों में सप्लाई की थी तैयारी

इसके बाद आरोपी ने इंटरनेट और यूट्यूब पर वीडियो देखकर MDMA ड्रग बनाने के तरीके तलाशने शुरू कर दिए. धीरे-धीरे उसने इसके लिए जरूरी केमिकल जुटाने शुरू कर दिए और ड्रग बनाने की तैयारी में लग गया. पुलिस के मुताबिक यह ड्रग रेव पार्टियों में सप्लाई करने की योजना थी.

दरअसल, इस पूरे मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब तेलंगाना पुलिस से इनपुट मिलने के बाद आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने कार्रवाई की. संयुक्त ऑपरेशन में थाना खंदौली पुलिस और तेलंगाना पुलिस ने मिलकर आरोपी केमिस्ट्री टीचर को गिरफ्तार किया.

Advertisement

स्कूल में केमिस्ट्री टीचर है आरोपी

डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम मनोज कुमार है. वह मूल रूप से फिरोजाबाद का रहने वाला है और खंदौली क्षेत्र के नगला मट्टू गांव में किराए के मकान में रह रहा था. आरोपी राजस्थान के जोधपुर में एक स्कूल में केमिस्ट्री का टीचर बताया जा रहा है.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि स्कूल का ही एक अन्य शिक्षक इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड है. उसने मनोज को ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर MDMA ड्रग बनाने का फॉर्मूला बताया था. इसके बाद दोनों अलग-अलग जगहों पर जाकर ड्रग बनाने की तैयारी करने लगे.

भारी मात्रा में केमिकल बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में केमिकल भी बरामद किए हैं. बरामद सामान में करीब 450 लीटर डिस्टिल्ड वाटर, 120 लीटर मिथाइल अमीन, 27.5 लीटर हाइड्रोब्रोमिक एसिड, 100 लीटर एथिल एसीटेट, 50 लीटर एसीटोन, 40 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड और 9 लीटर एथेनॉल शामिल हैं. डीसीपी के मुताबिक पहले ये लोग छोटे स्तर पर ड्रग की सप्लाई करते थे, लेकिन इस बार बड़े पैमाने पर MDMA ड्रग बनाने की तैयारी थी. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement