कई बार जिंदगी में ऐसी घटनाएं हो जाती हैं, जो किसी फिल्म की कहानी जैसी लगती हैं. लेकिन अमेरिका की रहने वाली एक महिला के साथ जो जो हुआ, वह किसी रोमांटिक फिल्म से ज्यादा एक डरावने सपने जैसा था. अमेरिका की ब्रुक नाइस्ली 10 दिन कोमा में रहने के बाद जब वह जगी तो सामने उसका 'बॉयफ्रेंड' खड़ा था. कुछ दिनों बाद उसकी ऐसी सच्चाई सामने आई कि ब्रुक के होश उड़ गए.
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2015 में ब्रुक एक गंभीर हादसे का शिकार हो गईं. करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी. चोट इतनी गहरी थी कि वह 10 दिनों तक कोमा में रहीं. हादसे के बाद उनकी याददाश्त, संतुलन और देखने की क्षमता पर भी असर पड़ा.
लेकिन असली हैरानी तब हुई, जब वह कोमा से बाहर आईं. ब्रुक ने एक पॉडकास्ट में बताया कि होश आने के बाद उन्होंने अस्पताल के कमरे में एक आदमी को खड़ा देखा. उस आदमी ने खुद को उनका बॉयफ्रेंड बताया. ब्रुक को उसका चेहरा कुछ जाना-पहचाना लगा, लेकिन उन्हें याद नहीं था कि वह वास्तव में कौन है.
महिला को रिलेशन के बारे में कुछ याद नहीं था
जब ब्रुक ने उससे पूछा कि क्या वे सच में रिश्ते में हैं, तो उसका जवाब और भी अजीब था. उसने कहा - हम पहले साथ नहीं थे, लेकिन अब हैं. इसलिए मैं सबको बता रहा हूं कि तुम मेरी गर्लफ्रेंड हो.हादसे के बाद ब्रुक की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी. याददाश्त कमजोर थी और कई बातें उन्हें याद नहीं थीं. ऐसे में वह उस व्यक्ति की बातों का पूरी तरह विरोध भी नहीं कर पाईं.
इसके बाद वह शख्स नियमित रूप से अस्पताल और फिर ब्रुक के घर आने लगा. धीरे-धीरे उसने परिवार और आसपास के लोगों के बीच यह छवि बना ली कि वह ब्रुक का प्रेमी है. लेकिन उसकी हरकतें शुरुआत से ही अजीब थीं.
ब्रुक बताती हैं कि जब वह दिमागी क्षमता वापस पाने के लिए किताबें पढ़ रही थीं और पजल सॉल्व कर रही थीं, तब वह उनकी सेहत की बजाय उनके चेहरे और शरीर की बनावट पर ज्यादा ध्यान देता था. वह उन्हें बार-बार वैक्सिंग और सजने-संवरने की सलाह देता था.
ब्रुक को तब भी महसूस होता था कि कुछ गड़बड़ है, लेकिन उन्हें पूरी तस्वीर याद नहीं आ रही थी.फिर कहानी में बड़ा मोड़ आया. कुछ समय बाद ब्रुक की सबसे करीबी दोस्त विदेश से वापस लौटी. उसने उस आदमी को देखते ही पहचान लिया. तब पता चला कि वह कोई प्रेमी नहीं था. दरअसल, वह वही व्यक्ति था जिस पर एक साल पहले ब्रुक की दोस्त के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था.
सहेली ने खोला शख्स का घिनौना राज
यहीं से ब्रुक की धुंधली यादें लौटने लगीं. उन्हें याद आया कि उन्होंने उस व्यक्ति को कॉलेज कैंपस के आसपास पहले देखा था. जब उन्होंने उससे सीधे सवाल किए, तो उसके पास कोई ठोस जवाब नहीं था.मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. ब्रुक की मां ने बाद में एक और चौंकाने वाला खुलासा किया. उनके मुताबिक, जब ब्रुक कोमा में थीं, तब इसी व्यक्ति ने परिवार से कहा था कि अगर हालात ज्यादा खराब हों तो लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटाने पर भी विचार किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: अंतिम संस्कार की हो रही थी तैयारी, तभी बॉडी में कुछ ऐसा दिखा, लेकर भागे अस्पताल
यह सुनकर ब्रुक सन्न रह गईं. आखिरकार उन्होंने उस व्यक्ति से सारे संबंध खत्म कर दिए. हालांकि बाद के वर्षों में भी वह कभी-कभी फोन और ईमेल के जरिए उनसे संपर्क करने की कोशिश करता रहा. ब्रुक के मुताबिक, वह बार-बार एक ही बात जानना चाहता था—क्या उनकी दोस्त उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई करने वाली है?
आज भी ब्रुक के लिए यह सवाल पूरी तरह अनसुलझा है कि आखिर वह व्यक्ति उनके जीवन में इस तरह क्यों घुस आया था. लेकिन एक बात तय है, कोमा से जागने के बाद जिस शख्स को उन्होंने अपना प्रेमी समझा, उसकी सच्चाई किसी भी हॉलीवुड थ्रिलर से कम नहीं थी.