scorecardresearch
 

आर्मी बनी देवदूत... गुलमर्ग केबल कार में फंसे लोगों को सेना ने ऐसे बचाया, देखें वीडियो

गुलमर्ग केबल कार में खराबी के बाद कई पर्यटक हवा में लटक गए, जिन्हें आर्मी की मदद से नीचे उतारा जा रहा है. वीडियो में देखिए कि आर्मी के जवान लोगों को कैसे बचा रहे हैं.

Advertisement
X
आर्मी केबल कार में फंसे लोगों को बचा रही है. (Photo: @NorthernComd_IA)
आर्मी केबल कार में फंसे लोगों को बचा रही है. (Photo: @NorthernComd_IA)

जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग गोंडोला में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया, जब केबल कार सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के बाद सैकड़ों पर्यटक हवा में फंस गए. गुलमर्ग गोंडोला की दोनों फेज की सेवाएं अचानक बंद करनी पड़ीं, जिसके चलते दर्जनों केबिन बीच हवा में रुक गए और उनमें बैठे लोग लंबे समय तक फंसे रहे. बताया जा रहा है कि करीब 65 केबिन हवा में फंस गए थे और अब 80 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है. दरअसल, आर्मी की वजह से कुछ ही देर में ऑपरेशन शुरू हुआ और सेना के ट्रेंड जवानों ने लोगों को बचा लिया. 

घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और भारतीय सेना की टीमों को मौके पर लगाया गया. अब सोशल मीडिया पर आर्मी के इस ऑपरेशन के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें दिख रहा है कि सेना के जवान रस्सियों के जरिए लोगों के बचा रहे हैं और खुद केबल पर लटकर केबिन तक पहुंच रहे हैं. सेना के इन प्रयासों की काफी तारीफ की जा रही है. 

आप भी नीचे वीडियो में देख सकते हैं कि आर्मी के जवान किस तरह से कितनी विपरीत परिस्थितियों में भी लोगों को बचा रहे हैं. 

नॉर्दन कमांड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक चिनार कॉर्प्स, इंडियन आर्मी और गोंडोला ऑपरेटर्स की मदद से यात्रियों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया गया. शुरुआती चरण में 29 केबिनों से करीब 166 लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जबकि बाकी यात्रियों को निकालने का काम लगातार जारी रहा. 

Advertisement

कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि गुलमर्ग गोंडोला में अस्थायी तकनीकी खराबी आने के बाद पर्यटक फंस गए थे और सभी एजेंसियां मिलकर सुरक्षित निकासी सुनिश्चित कर रही हैं. पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील भी की. 

इस खराबी की एक वजह ओवरलोडिंग को भी माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही तकनीकी खराबी की असली वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल इंजीनियरिंग टीमें सिस्टम को बहाल करने में जुटी हुई हैं. गुलमर्ग गोंडोला एशिया की सबसे ऊंची और लोकप्रिय केबल कार सेवाओं में गिनी जाती है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement