How To Keep Towels White-Fluffy Like Hotels: होटल में मिलने वाली चादर से लेकर तौलिए तक सभी चीजें बहुत ही मुलायम और आरामदायक होती हैं. आप घर के चादर-तौलियों को भी उतना ही मुलायम बनाना चाहते हैं, जिसके लिए आप खूब पैसा भी खर्च करते हैं. लेकिन वो मुलायम रह नहीं पाते हैं. घर के लिए चाहे कितना भी महंग तौलिया खरीद लें, कुछ समय बाद वो रूखा, भारी और फीका लगने लगता है. वहीं होटल के तौलिए सालों तक इस्तेमाल होने के बाद भी सफेद, मुलायम और फूले-फूले बने रहते हैं. ज्यादातर लोगों को लगता है कि होटल में तौलियों को मुलायम और फूला बनाए रखने के लिए किसी महंगे प्रोडक्ट का इस्तेमाल होता होगा, लेकिन असल में ऐसा नहीं है.
होटलों में तौलियों की साफ-सफाई करने के लिए कुछ बहुत ही आसान आदतों को फॉलो किया जाता है, जो उन्हें लंबे समय तक नया जैसा सफेद और फूला-फूला बनाए रखती हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि आपके बाथरूम के तौलिए होटल जैसे सॉफ्ट और चमकदार रहें, तो आज हम आपको कुछ आसान ट्रिक्स बताने वाले हैं, जिन्हें अपनाना जरूरी है.
1. होटल में तौलियों को अलग से धोया जाता है: होटलों में तौलियों को कभी भी बाकी कपड़ों के साथ नहीं धोया जाता. उन्हें हमेशा अलग ही धोया जाता है. अगर आप इन्हें बाकी कपड़ों के साथ धोते हैं तो उनकी रगड़ तौलियों के कॉटन फाइबर को खराब कर देती है.
2. वॉशिंग मशीन को जरूरत से ज्यादा न भरें: बहुत सारे तौलिए एक साथ मशीन में डाल देने से पानी और डिटर्जेंट ठीक से काम नहीं कर पाते. इससे साबुन तौलिए में ही रह जाता है और वे अपना मुलायम टेक्शचर खो देते हैं और ड्राई महसूस होने लगते हैं. होटल में मशीन में उतने ही तौलिए डालते हैं, जिससे वो आराम से घूम सकें और अच्छी तरह साफ हो जाएं.
3. गर्म पानी का सही इस्तेमाल करते हैं: गर्म या हल्के गर्म पानी से तौलियों की गंदगी, तेल और बैक्टीरिया हटाने में मदद मिलती है. लेकिन ध्यान रखें पानी बहुत ज्यादा गर्म न हो. इससे कॉटन कमजोर हो सकता है.
4. फैब्रिक सॉफ्टनर होता है कम इस्तेमाल: बहुत से लोग सोचते हैं कि ज्यादा फैब्रिक सॉफ्टनर डालने से तौलिए ज्यादा मुलायम होंगे, लेकिन ये बिल्कुल भी सच नहीं है. ज्यादा सॉफ्टनर तौलियों पर एक लेयर जमा देता है, जिससे उनकी पानी सोखने की क्षमता कम हो जाती है. होटलों में इसकी जगह अच्छी तरह रिंसिंग और सही तरह से उन्हें ड्राई करने पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है.
5. ड्रायर बॉल्स से तौलिए रहते हैं फूले-फूले: कई होटलों में ड्रायर करने के दौरान ड्रायर बॉल्स का इस्तेमाल किया जाता है. ये तौलियों को आपस में चिपकने नहीं देतीं और गर्म हवा को बराबर फैलने में मदद करती हैं. इससे तौलिए ज्यादा फ्लफी और सॉफ्ट बने रहते हैं.
6. डिटर्जेंट और गंदगी का जमाव नहीं होने देते: समय के साथ तौलियों में साबुन, बॉडी ऑयल और हार्ड वॉटर के मिनरल्स जमा होने लगते हैं. इससे तौलिए भारी और खुरदरे लगने लगते हैं. होटल एक्स्ट्रा रिंस साइकल का इस्तेमाल करके इन्हें जमा होने नहीं देते हैं.
7. तौलियों को सही तरीके से सुखाते हैं: तौलिए अगर लंबे समय तक गीले रहें तो उनमें बदबू आने लगती है. वहीं जरूरत से ज्यादा गर्मी में सुखाने से कपड़ा कमजोर हो सकता है. ऐसे में होटल तौलियों को पूरी तरह सुखाते जरूर हैं, लेकिन ओवरहीटिंग से बचते हैं ताकि कपड़ा लंबे समय तक अच्छा बना रहे.
घर पर होटल जैसे तौलिए पाने के आसान तरीके
अगर आप भी चाहते हैं कि आपके तौलिए लंबे समय तक मुलायम और सफेद रहें, तो आपको कुछ छोटी-छोटी आदतें बदलनी होंगी.
सफेद सिरका तौलियों में जमा साबुन को हटाने में मदद करता है और सूखने के बाद उसकी बदबू भी नहीं रहती. वहीं बेकिंग सोडा पुराने तौलियों की बदबू और फीकेपन को कम करने में मदद करता है.