के जी अरुणराज (K. G. Arunraj) तमिलनाडु के राजनेता हैं. 2026 तमिलनाडु विधानसभी चुनाव में TVK ने भारी मतों के साथ जीत हासिल की. 10 मई 2026 को अभिनेता से नेता बने थलपति विजय राज्य के मुख्यमंत्री बने. के जी अरुणराज सरकार में कैबिनेट मंत्री बने. 9 जून 2025 को अभिनेता और TVK प्रमुख विजय ने अरुणराज को पार्टी में शामिल किया और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी.
वह पेशे से डॉक्टर रहे हैं, लंबे समय तक भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में अधिकारी के रूप में काम कर चुके हैं और अब राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. वर्तमान में वह TVK के पॉलिसी और प्रोपेगेंडा महासचिव हैं. इसके साथ ही उन्होंने 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में नामक्कल जिले की तिरुचेंगोडु सीट से जीत हासिल कर विधायक (MLA) के रूप में अपनी पहचान बनाई.
अरुणराज का जन्म लगभग 1979 में सेलम इलाके में हुआ. उनके पिता का नाम के पी गणेशन है. उन्होंने 2002 में Madras Medical College से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की. डॉक्टर बनने के बाद उन्होंने ग्रामीण इलाकों में काम किया और खासतौर पर कृष्णागिरी जिले के गांवों में लोगों का इलाज किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीण गरीबों की समस्याओं और सामाजिक चुनौतियों को करीब से समझा.
इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और 2009 में UPSC परीक्षा पास कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में शामिल हुए. उन्होंने आयकर विभाग में तमिलनाडु, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में करीब 15 साल तक सेवा दी. एक सख्त और ईमानदार अधिकारी के रूप में उनकी छवि बनी. 2016 में उन्होंने एक बड़े आयकर छापे का नेतृत्व किया, जिसमें लगभग 90 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे. इस कार्रवाई ने राष्ट्रीय स्तर पर काफी चर्चा बटोरी. इसके अलावा उन्होंने कोडानाडु एस्टेट केस और वी के शशिकला परिवार से जुड़े मामलों में भी जांच का नेतृत्व किया.
2021 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग ने उन्हें आयकर विभाग से हटाकर CBDT मुख्यालय से जोड़ दिया था, जिसे अनुशासनात्मक कार्रवाई के तौर पर देखा गया. बाद में मई 2025 में उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में कदम रखा.